नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में खुद के घर का सपना साकार होने की घड़ियां आ गई है. दिल्ली डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (DDA) की श्रमिक आवासीय योजना, सबका घर आवासीय योजना और विशेष आवासीय योजना के तहत लोगों को 8 हजार से ज्यादा फ्लैट्स की बुकिंग करने का अवसर मिलेगा.
सबका घर आवासीय योजना में सिरसपुर, लोकनायकपुरम व नरेला के विभिन्न सेक्टरों में EWS और एलआईजी के 6810 फ्लैट ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया जारी है. इसके अलावा, नरेला के कई सेक्टर और लोकनायकपुरम में कुल 769 एमआईजी व एचआईजी फ्लैट भी बुकिंग प्रक्रिया में शामिल हैं. इसमें नरेला के विभिन्न सेक्टर में 471 एमआईजी फ्लैट और 235 एचआईजी फ्लैट भी मौजूद हैं. लोकनायक पुरम में 63 एमआईजी फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध है.
बुकिंग शुल्क निर्धारित
बुकिंग शुल्क की बात करें, तो EWS फ्लैट्स के लिए 50 हजार रूपए, एलआईजी फ्लैट्स के लिए 1 लाख रूपए, एमआईजी फ्लैटों के लिए 4 लाख रूपए और एचआईजी फ्लैटों के लिए 10 लाख रुपये बुकिंग शुल्क निर्धारित किया गया है. सबका घर आवासीय योजना में आने वाले 1 BHK के EWS फ्लैट, 1 BHK के एलआईजी फ्लैट, 2 BHK के एमआईजी फ्लैट और 3 BHK के एचआईजी फ्लैट के साथ श्रमिक आवासीय योजना के 1 BHK ईडब्ल्यूएस फ्लैटों के लिए बुकिंग प्रक्रिया 31 मार्च तक उपलब्ध रहेगी.
श्रमिकों के लिए 700 फ्लैट्स
श्रमिक आवास योजना के तहत, नरेला के विभिन्न पॉकेट में 700 EWS फ्लैट को बुक कराने का अवसर है. इसमें नरेला के G2 सेक्टर के पॉकेट 3,4,5 और 6 में 25% छूट के साथ 8.65 लाख रुपये से लेकर 8.8 लाख रुपये तक कीमत के 700 ईडब्ल्यूएस फ्लैट को श्रमिक खरीद सकते हैं. इन फ्लैटों को 50 हजार रूपए की बुकिंग राशि के साथ 31 मार्च तक बुक करा सकते हैं.
फ्लैट्स पर 25 फीसदी की छूट
लोकनायकपुरम, सिरसपुर व नरेला में EWS और एलआईजी फ्लैटों पर और लोकनायकपुरम व नरेला में एमआईजी तथा एचआईजी फ्लैटों पर छूट का लाभ मिलेगा. DDA के एक अधिकारी ने बताया कि सबका घर आवासीय योजना के सभी फ्लैटों में और श्रमिक आवासीय योजना के ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में 25% तक छूट का लाभ मिलेगा.
सबका घर आवास योजना फ्लैटों में छूट के बाद ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की कीमत 8.65 लाख रुपये से 25 लाख रुपये तक होगी. साथ ही, एलआईजी फ्लैटों की कीमत छूट के बाद 10.5 लाख रुपये से लेकर 21.35 लाख रूपए तक रहेगी. इसके अलावा, नरेला में एमआईजी फ्लैटों की कीमत छूट के बाद 75 लाख रुपये से लेकर 91.5 लाख रुपये तक होगी. नरेला में एचआईजी फ्लैटों की कीमत 105 लाख रुपये से लेकर 129.75 लाख रूपए रहेगी, जबकि लोकनायकपुरम में एमआईजी फ्लैटों की कीमत छूट के बाद 88.5 लीख रुपये से लेकर 92.25 लाख रुपये तय की गई है.
ई- नीलामी में 110 फ्लैट्स
ई- नीलामी के तहत, कुल 110 एचआईजी, एमआईजी व एलआईजी फ्लैट्स खरीदने का मौका मिलेगा. इसमें महिपालपुर रोड पर वसंत कुंज में सात एचआईजी फ्लैट, द्वारका सेक्टर- 14 Phase- 2 में 20 एमआईजी फ्लैट, द्वारका सेक्टर- 19B में 18 एमआईजी व द्वारका के अन्य सेक्टरों में एमआईजी फ्लैट, द्वारका सेक्टर- 23B में 3 एलआईजी फ्लैट रोहिणी सेक्टर-16 में 5 एलआईजी फ्लैट, रोहिणी सेक्टर- 20 में एक एलआईजी फ्लैट, रोहिणी सेक्टर- 21 में एक एलआईजी फ्लैट, लोनी के पूर्व में 2 एलआईजी फ्लैट और जाफराबाद में एक एलआईजी फ्लैट बिक्री के लिए उपलब्ध है.
