नई दिल्ली | केंद्र सरकार (Central Govt) ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. इससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय में बढ़ोतरी होगी. यह नया डीए जनवरी 2025 से लागू होगा, जिसका लाभ मार्च 2025 की सैलरी में मिलेगा. इसके साथ ही, कर्मचारियों को दो महीने का एरियर भी दिया जाएगा.
डीए बढ़ोतरी का नया आंकड़ा
अभी तक केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53% था, जिसे अक्टूबर 2024 में 3% बढ़ाकर 56% किया गया था. अब इस ताजा 2% बढ़ोतरी के बाद डीए 58% तक पहुंच गया है. हालांकि, यह पिछले 7 वर्षों में सबसे कम वृद्धि है, क्योंकि आमतौर पर सरकार हर बार 3% से 4% की बढ़ोतरी करती रही है.
महंगाई भत्ते की गणना कैसे होती है?
महंगाई भत्ते की गणना अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के आधार पर की जाती है. यह इंडेक्स लेबर ब्यूरो द्वारा जारी किया जाता है और सरकार पिछले 6 महीनों के औसत आंकड़ों के आधार पर डीए में बढ़ोतरी तय करती है।.
डीए बढ़ोतरी का शेड्यूल
- सरकार हर साल दो बार डीए बढ़ाती है.
- जनवरी- जून के लिए बढ़ोतरी मार्च में घोषित की जाती है.
- जुलाई- दिसंबर के लिए बढ़ोतरी अक्टूबर- नवंबर में घोषित होती है.
क्या कर्मचारियों को और राहत मिलेगी?
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह राहत की खबर है, लेकिन कर्मचारी संघों की मांग थी कि डीए में कम से कम 3% की बढ़ोतरी की जाए. अब सभी की निगाहें अगले डीए रिवीजन और 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों पर टिकी हैं. 8वां वेतन आयोग 2026 में लागू होने की संभावना है, जिससे केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में बड़ा बदलाव आ सकता है.
कोरोना काल का डीए एरियर अभी भी अधूरा
महामारी के दौरान सरकार ने जनवरी 2020 से जून 2021 तक 18 महीनों के लिए डीए बढ़ोतरी पर रोक लगा दी थी. कर्मचारी संघ लगातार इस अवधि का एरियर देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने अब तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है. केंद्र सरकार के इस फैसले से 1 करोड़ से अधिक केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स लाभान्वित होंगे.
