करनाल । करनाल से एक दुखद खबर सामने आई है. करनाल के घरौंडा क्षेत्र के गांव रायपुरा निवासी 50 वर्षीय रमन पाल की मौत हो गई. बताया जाता है कि नायब तहसीलदार रमेश कुमार की कार से टकराकर बाइक सवार रमन पाल की मौत हो गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार नायब तहसीलदार रमेश कुमार जींद से असंध आ रहे थे. वह अपनी निजी कार खुद चला रहे थे. जैसे ही वो असंध क्षेत्र के गांव बाहरी के बस अड्डे के पास पहुंचे तो सामने से बाइक सवार रमन पाल आ रहे थे. नायब तहसीलदार की गाड़ी बाइक से टकरा गई और बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस व पुलिस बुला ली गई. तहसीलदार ने मृतक को एंबुलेंस में रखवाया. मृतक को असंध के ही सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर गलती किसकी थी. इस मामले में तहसीलदार कुछ भी नहीं कह रहे हैं.
