डेयरी मेले में छाईं करनाल के किसान सोनू की बकरियां, नर ने जीता पहला और मादा ने दूसरा स्थान

करनाल | खेती और पशुपालन के साथ अगर कमाई का कोई दूसरा जरिया भी मिल जाए तो किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। करनाल के सोनू पाल ने इसी सोच के साथ बकरी पालन शुरू किया और धीरे-धीरे इसे बड़े कारोबार में बदल दिया। आज उनके फार्म में करीब 150 से 175 बकरियां हैं और इससे सालाना 10 से 12 लाख रुपये तक की आय होने का अनुमान है।

Goat Farming Business

सोनू पाल करनाल के श्रवण माजरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। उन्होंने करीब पांच साल पहले छोटे स्तर पर बकरी पालन शुरू किया था। शुरुआती तीन साल तक उन्होंने बकरियों और उनके बच्चों को बेचने के बजाय फार्म में ही रखा। इस दौरान उनका लक्ष्य बकरियों की संख्या बढ़ाना और व्यवसाय को मजबूत बनाना था।

नहीं बेचे बकरियों के बच्चे

लगातार निवेश और मेहनत के बाद अब उनके फार्म में 150 से 175 बकरियां हैं। सोनू के मुताबिक, बकरियों की बिक्री से उन्हें अब तक किए गए निवेश की भरपाई करने में मदद मिली है। सोनू ने अपने फार्म को दूध उत्पादन के बजाय प्रजनन और बकरियों के बच्चे तैयार करने पर केंद्रित किया है। बच्चे बड़े होने के बाद उनकी बिक्री से आमदनी होती है। उनका अनुमान है कि फार्म से सालाना 10 से 12 लाख रुपये की आय हो रही है। हालांकि, इसे वह शुद्ध मुनाफा नहीं मानते। वर्ष 2027 से खर्च और आमदनी का अलग-अलग हिसाब रखने के बाद वास्तविक लाभ का आकलन कर सकेंगे।

बकरियों ने जीते पुरस्कार

इस बार सोनू पाल के लिए डेयरी मेले की प्रदर्शनी खास रही। उनके फार्म की नर बकरी ने अपनी श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया, जबकि मादा बकरी को दूसरा स्थान मिला। खास बात यह है कि यह पहला मौका था, जब उनके फार्म की बकरियों ने इस तरह की प्रदर्शनी में हिस्सा लिया।

बकरी पालन को मिले बढ़ावा

सोनू ने बताया कि उन्होंने एनडीआरआइ के निदेशक के साथ बैठक में गाय-भैंस के साथ बकरी पालन को भी पशुपालन गतिविधियों में शामिल करने का सुझाव दिया था। उनका सुझाव स्वीकार किया गया और इस बार डेयरी मेले की प्रदर्शनी में बकरियों को भी जगह मिली। बकरी पालन को खेती और दूसरे पशुपालन कार्यों के साथ अतिरिक्त व्यवसाय के रूप में अपनाया जा सकता है। हालांकि, अच्छी नस्ल, उचित देखभाल, प्रजनन प्रबंधन और बाजार की मांग की जानकारी होना जरूरी है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.