गुरुग्राम को मिली 100 नई AC इलेक्ट्रिक बसें, चलेंगी इन रूटों पर; फटाफट चेक करें किराया

गुरुग्राम | हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में रोजाना ऑफिस, बाजार और दूसरे कामों के लिए सफर करने वाले लोगों को अब बड़ी राहत मिलने वाली है। शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए 100 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। इससे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों और नए आवासीय सेक्टरों तक पहुंचना आसान होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को सेक्टर-48 में 17 करोड़ रुपये की लागत से बने गुरुग्राम महानगर सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के नए ई-बस डिपो का उद्घाटन किया।

Electric Bus Service

इसके साथ ही 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों का किराया 15 से 35 रुपये के बीच रखा गया है। इन बसों के जुड़ने से GMCBL के बेड़े में कुल 250 बसें हो गई हैं। इससे पहले 150 सीएनजी बसें संचालित हो रही थीं।

CM ने दिखाई हरी झंडी

नई बसें शहर के 20 प्रमुख रूटों पर चलेंगी। इनमें मिलेनियम सिटी सेंटर, साइबर हब, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, द्वारका एक्सप्रेसवे और नए आवासीय सेक्टरों की कनेक्टिविटी शामिल है। उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के मुताबिक, शहर की सड़कों और घनी आबादी को देखते हुए 9 मीटर लंबी बसें शुरू की गई हैं। इनमें चालक सहित कुल 27 सीटें हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, पैनिक बटन, फायर अलार्म, इमरजेंसी हैमर, LED डिस्प्ले और डिजिटल टिकटिंग की सुविधा दी गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी लगाए गए हैं।

देखें किराया

यात्रा की दूरी निर्धारित किराया
0 से 6 किलोमीटर तक 15 रुपये
6 से 13 किलोमीटर तक 25 रुपये
13 किलोमीटर से अधिक 35 रुपये

जानें रूट

रूट संख्या बस रूट
321 डूंडाहेड़ा से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन तक
322 धनकोट से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक
323 गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से थाना मोड़ तक
324 बीपीटीपी (सेक्टर-37डी) से टाटा इंटेलियन पार्क (सेक्टर-58) तक
325 गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन तक
326 राम मंदिर (पालम विहार) से टाटा इंटेलियन पार्क (सेक्टर-58) तक
328 महावीर चौक से सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन तक
329 गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से कंकरौला/भांगरौला गांव तक
330 महावीर चौक से वजीरपुर टी-पॉइंट तक (5 बसें)
112 गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से सेक्टर-55/56 मेट्रो स्टेशन तक (8 बसें)
127 मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-4 से सिग्रम-10 तक

एक साथ चार्ज होंगी 120 बसें

सेक्टर-48 के नए डिपो में 24 चार्जिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां एक साथ 120 बसें चार्ज हो सकेंगी। इसके अलावा सेक्टर-103, सेक्टर-65 और मानेसर में तीन नए चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है। गुरुग्राम का यह हरियाणा का तीसरा इलेक्ट्रिक बस डिपो है। फिलहाल प्रदेश के 10 बड़े शहरों में 160 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस संख्या को साल के अंत तक 375 करने का लक्ष्य है। वहीं, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, करनाल, हिसार, गुरुग्राम और फरीदाबाद में जल्द 450 नई मिनी बसें भी शुरू की जाएंगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.