कुरुक्षेत्र | महाभारत की धरती कुरुक्षेत्र का नाम आते ही भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन के बीच हुआ गीता का संवाद याद आता है। यह वही पवित्र भूमि है, जिसे सदियों से धर्म, तपस्या और आध्यात्मिक ज्ञान का केंद्र माना जाता है। अब 5 दिसंबर से यहां अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव शुरू होने जा रहा है। इस मौके पर जानिए गीता जयंती मनाने की वजह और 48 कोस भूमि से जुड़ी मोक्ष की मान्यता।

पंडित पवन शर्मा के मुताबिक, मार्गशीर्ष महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी को गीता जयंती मनाई जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था।
क्यों मनाई जाती है जयंती?
दरअसल, युद्ध में अपने परिजनों को सामने देखकर अर्जुन विचलित हो गए थे। तब श्रीकृष्ण ने उन्हें कर्तव्य का महत्व समझाया और बिना फल की चिंता किए कर्म करने की सीख दी। इसी की स्मृति में हर साल गीता जयंती मनाई जाती है। गीता का ज्ञान पूरी मानवता के लिए है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और उलझनों से जूझ रहे लोगों को यह सही रास्ता दिखाता है। इसी संदेश को दुनिया तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की ओर से महोत्सव आयोजित किया जाता है। ब्रह्मसरोवर के किनारे भव्य आरती, गीता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं, जिनमें देश-विदेश से श्रद्धालु, संत, विद्वान और कलाकार शामिल होते हैं।
48 कोस में फैली भूमि
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कुरुक्षेत्र केवल एक शहर नहीं, बल्कि 48 कोस में फैला विशाल धार्मिक क्षेत्र है। इसमें कुरुक्षेत्र के अलावा कैथल, करनाल, जींद और पानीपत के कई ऐतिहासिक तीर्थ शामिल हैं। मान्यता है कि राजा कुरु ने यहां कठिन तपस्या कर इस धरती को धर्म और पुण्य की भूमि बनाया था। इसी कारण इसे धर्मक्षेत्र कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं और पुराणों में कहा गया है कि 48 कोस की इस पवित्र भूमि पर प्राण त्यागने वाले व्यक्ति को जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति मिलती है।
मोक्ष मिलने की मान्यता
यहां जल, थल या आकाश में कहीं भी मृत्यु होने पर मोक्ष मिलने और अस्थियों के विसर्जन के लिए गंगा जाने की जरूरत न होने की भी मान्यता है। वहीं, महाभारत युद्ध के लिए कुरुक्षेत्र को चुनने के पीछे भी धार्मिक मान्यता जुड़ी है। कहा जाता है कि श्रीकृष्ण जानते थे कि युद्ध में अपने ही लोग एक-दूसरे के सामने होंगे। ऐसे में इस पवित्र भूमि का चुनाव किया गया। हालांकि, गीता सच्ची मुक्ति के लिए अच्छे कर्म, निर्मल मन और ईश्वर के प्रति समर्पण को भी जरूरी बताती है।