इस शादी सीजन दूल्हे की गाड़ी से शेरवानी तक बदला फैशन, जानें नया ट्रेंड

नई दिल्ली | शादी का मौका हो तो हर परिवार चाहता है कि सजावट से लेकर कपड़ों तक सब कुछ खास दिखे लेकिन इस बार शादी के बाजार में एक नया बदलाव देखने को मिल रहा है। लोग अब जरूरत से ज्यादा चमक-दमक और भारी सजावट के बजाय सादगी, आकर्षक डिजाइन और बजट को प्राथमिकता दे रहे हैं। बता दें कि इस बदलाव का असर दूल्हे की गाड़ी की सजावट, शेरवानी और दुल्हन के लहंगे तक दिखाई दे रहा है।

Wedding Fashion Trends

कारोबारियों के मुताबिक, इस सीजन में हल्की फूलों वाली कार डेकोरेशन और रॉ सिल्की शेरवानी की मांग बढ़ी है। हालांकि, शादी के सामान की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले करीब 15 फीसदी तक बढ़ोतरी भी हुई है।

कम फूलों से सजावट

कार डेकोरेशन से पिछले 20 साल से जुड़े दीपक बताते हैं कि पहले ग्राहक पूरी गाड़ी को फूलों और सजावटी सामान से कवर करवाते थे। अब दो से तीन बुके और हल्के फूलों वाली सजावट पसंद की जा रही है। भारी सजावट से कार पर स्क्रैच और निशान पड़ने का खतरा रहता है। एक गाड़ी सजाने में करीब 15 से 20 मिनट लगते हैं और इसकी शुरुआती कीमत 1500 रुपये है। फूल गाजीपुर मंडी से लाए जाते हैं।

रॉ सिल्की शेरवानी की बढ़ी मांग

सूरदास मार्केट के दुकानदार साहिल खान के मुताबिक, इस बार दूल्हे हल्के और कम चमक वाले रॉ सिल्की डिजाइन पसंद कर रहे हैं। बाजार में शेरवानी 12 हजार से 30 हजार रुपये और लहंगे 15 हजार से 40 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। पिछले साल 9 हजार रुपये की शेरवानी अब करीब 12 हजार रुपये की हो गई है। 20 हजार वाली शेरवानी 22 हजार और 25 हजार वाली करीब 27 हजार रुपये में मिल रही है। इसी तरह 27 हजार की शेरवानी के दाम 30 से 31 हजार रुपये तक पहुंच गए हैं। लहंगों में भी 10 हजार वाला डिजाइन अब 12 हजार, 20 हजार वाला 22 हजार और 30 हजार वाला करीब 33 हजार रुपये का हो गया है।

नए डिजाइन का क्रेज

दूल्हे के लिए तीन चक्र वाली नोटों की माला की मांग बढ़ रही है। इसे तैयार करने के लिए नोटों के कुल मूल्य के अलावा करीब 500 रुपये अतिरिक्त देने पड़ते हैं। सामान्य नोटों की मालाएं 200 से 300 रुपये में भी उपलब्ध हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.