चंडीगढ़ | हरियाणा में रबी फसलों की खेती करने वाले किसानों के लिए जरूरी खबर है। अगर आप आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर या किन्नू की खेती करते हैं और भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो समय रहते पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें। इसके साथ ही फसल के रकबे का भौतिक सत्यापन करवाना भी जरूरी होगा। बता दें कि जिला बागवानी अधिकारी डॉ. अब्दुल रजाक ने जानकारी दी है कि बिजाई के समय के अनुसार इन फसलों सहित अन्य रबी फसलों का पंजीकरण पोर्टल पर किया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।

पंजीकरण पूरा होने के बाद किसानों को अपनी फसल के क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करवाना होगा। इसके लिए निर्धारित प्रोफार्मा में आवेदन भरकर बागवानी विभाग के संबंधित ब्लॉक कार्यालय या जिला कार्यालय में जमा करना होगा।
आवेदन का प्रारूप
भौतिक सत्यापन के लिए आवेदन का प्रारूप बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट hortharyana.gov.in पर उपलब्ध है। किसान चाहें तो इसे विभाग के ब्लॉक या जिला कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस नंबर पर करें कॉल
जिला बागवानी अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीकरण और भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया समय रहते पूरी करें। योजना की जानकारी के लिए किसान उद्यान विकास अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी या मार्केटिंग बोर्ड के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, टोल फ्री नंबर 1800-180-2021 पर कॉल करके या विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। किसान उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन करके भी योजना का विवरण जान सकते हैं।