भिवानी | हरियाणा में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं की तारीखें तय कर दी हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अब परीक्षा की तैयारी के लिए अपनी रणनीति बनाने का मौका मिल गया है।

बोर्ड के अनुसार, 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 4 मार्च से 26 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी। वहीं, 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के पेपर 3 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल 2027 तक चलेंगे।
विषयवार डेटशीट बाद में होगी जारी
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. शंकरलाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल ने परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी दी है। हालांकि, अभी विषयों के अनुसार विस्तृत डेटशीट जारी नहीं की गई है। बोर्ड की ओर से जल्द ही विषयवार परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
विद्यार्थियों को सलाह है कि वे विस्तृत डेटशीट के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।