जींद | पंजाब और हरियाणा के रेल यात्रियों को जल्द नई ट्रेन की सुविधा मिल सकती है। फाजिल्का से नई दिल्ली के बीच वाया जींद प्रस्तावित रेलगाड़ी चलाने की तैयारी की जा रही है। इसके शुरू होने से जींद, नरवाना और आसपास के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिल सकेगा।

बता दें कि रेलवे बोर्ड ने इस ट्रेन की समय-सारिणी तैयार करने के लिए दिल्ली और अंबाला मंडल को निर्देश दिए हैं। हालांकि, अभी इसके संचालन की तारीख और ठहराव को लेकर अंतिम घोषणा नहीं हुई है।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
प्रस्तावित रूट के अनुसार ट्रेन फाजिल्का से चलकर मुक्तसर, कोटकपूरा, बठिंडा और मानसा होते हुए हरियाणा में प्रवेश करेगी। इसके बाद जाखल, नरवाना, जींद और रोहतक से गुजरते हुए शकूरबस्ती के रास्ते नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस रूट से पंजाब के मालवा क्षेत्र के साथ हरियाणा के कई शहरों को भी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकता है। खासकर जींद, नरवाना और जाखल के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
दोनों मंडल तैयार करेंगे समय-सारिणी
रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद दिल्ली और अंबाला मंडल ट्रेन के प्रस्थान और पहुंचने का समय, स्टेशनों पर ठहराव और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं तय करेंगे। दोनों मंडलों के बीच समन्वय के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
आधिकारिक सूचना का इंतजार
रेलवे जंक्शन जींद के जसमेर कुंडू ने बताया कि इस ट्रेन को लेकर उनके पास अभी आधिकारिक पत्र नहीं आया है। सूचना मिलने पर यात्रियों को अवगत कराया जाएगा। फिलहाल ट्रेन के फेरे, समय और संचालन की तारीख घोषित होने का इंतजार है।