हरियाणा के किसानों को राहत, खराब ट्रांसफार्मर बदलने के लिए अब नहीं ढूंढनी पड़ेगी गाड़ी

चंडीगढ़ | बिजली गुल होने पर खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए अब हरियाणा के किसानों को गाड़ी या दूसरी व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिजली निगम खुद ट्रांसफार्मर पहुंचाने और बदलने का इंतजाम करेगा। इसके लिए शहरी क्षेत्रों में 2 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 4 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदलना अनिवार्य किया गया है। बता दें कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए फील्ड अधिकारियों को नए निर्देश जारी किए हैं।

Haryana Electricity

ऊर्जा मंत्री अनिल विज 9 दिसंबर को दोनों निगमों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा करेंगे। गर्मी और धान के सीजन को देखते हुए 4 से 5 महीने के लिए ठेकेदारों और वाहनों की अग्रिम व्यवस्था भी करनी होगी।

निगम करेगा व्यवस्था

बैठक से दो सप्ताह पहले दोनों निगमों के एमडी विक्रम सिंह ने मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और फील्ड अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। हर सब-डिवीजन में पर्याप्त ट्रांसफार्मर बैंक और मोबाइल ट्रॉलियां उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। एमडी ने रोजाना सुबह 11 बजे तक बिजली आपूर्ति के आंकड़े ऊर्जा मंत्री कार्यालय भेजने को कहा है।

वहीं, बकाया बिल के कारण स्थायी रूप से काटे गए परिसरों में दूसरे कनेक्शन देने की जांच तीन अधिकारियों की कमेटी करेगी। गड़बड़ी मिलने पर कनेक्शन काटने और जिम्मेदार कर्मचारियों को नियम 8 के तहत चार्जशीट देने के निर्देश हैं।

सब-स्टेशन पर फोकस

पीएम सूर्य घर योजना के तहत मार्च 2027 तक 2.20 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए हर महीने 12,500 और प्रत्येक जोन में रोजाना 100 कनेक्शन लगाने होंगे। सरकारी भवनों पर एक साल में सोलर पैनल लगाने और बेहतर प्रदर्शन करने वाले टॉप-3 सर्कल को सम्मानित करने की योजना है। इसके अलावा, सब-स्टेशनों को जलभराव से बचाने, अर्थिंग और लाइटनिंग अरेस्टर के लंबित काम पूरे करने तथा स्टॉक की ऑनलाइन निगरानी के लिए डैशबोर्ड तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए लैंड रेवेन्यू एक्ट के तहत तहसीलदारों के माध्यम से नोटिस जारी होंगे। बिजली चोरी के मामलों में FIR के 3 महीने के भीतर कोर्ट में चालान पेश करना होगा। पुराने लंबित मामलों को एक महीने में निपटाने का लक्ष्य भी दिया गया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.