यमुनानगर | कभी-कभी जिंदगी में इंसान अपनों से इतना दूर हो जाता है कि मुश्किल वक्त में भी परिवार का साथ नहीं मिल पाता। यमुनानगर में 55 वर्षीय प्रवेश कुमार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। लंबे समय से फुटपाथ पर जिंदगी गुजार रहे प्रवेश की मौत के बाद उनके परिजनों ने शव लेने और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। बता दें कि प्रवेश कुमार लक्ष्मी नगर कैंप के रहने वाले थे।

19 नवंबर को महाराणा प्रताप चौक के पास शराब के ठेके के बाहर उनका शव मिला था। पुलिस को तलाशी के दौरान उनके पास से वोटर कार्ड मिला, जिसके आधार पर पहचान कर परिजनों से संपर्क किया गया।
अलग रह रहे थे प्रवेश
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 15 साल पहले पत्नी से तलाक होने के बाद प्रवेश परिवार से अलग हो गए थे। वह शराब पीने के आदी थे और लंबे समय से फुटपाथ पर रहकर गुजारा कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि इतने वर्षों से उनका प्रवेश से कोई संपर्क नहीं था। स्थानीय निवासी शुभम ने पुलिस को बताया कि प्रवेश पिछले 3-4 दिनों से शराब के ठेके के पास पड़े हुए थे। 19 नवंबर की सुबह उन्होंने शुभम से खाना मांगा। शुभम ने खाना लाकर देने की बात कही और वहां से चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटा तो प्रवेश की मौत हो चुकी थी।
अंतिम संस्कार का फर्ज
वहीं, स्थानीय दुकानदार अवतार सिंह ने बताया कि प्रवेश करीब ढाई महीने पहले तक उनकी दुकान पर काम करते थे। बीमारी के कारण उन्होंने काम पर आना बंद कर दिया था।
थाना शहर यमुनानगर प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार, पुलिस ने प्रवेश के भाई को बुलाकर शव लेने और अंतिम संस्कार करने के लिए कई बार समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। इसके बाद 72 घंटे तक इंतजार किया गया। आखिरकार करनाल की मानव कल्याण संस्था के सहयोग से प्रवेश कुमार का अंतिम संस्कार करवाया गया।