पंचकुला | हरियाणा के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शामिल पिंजौर गार्डन घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले यह जरूरी खबर जान लीजिए। बुधवार को यहां पहुंचने वाले पर्यटकों को निराश होकर लौटना पड़ सकता है। ऐतिहासिक यादविन्द्रा गार्डन में एक निजी शादी समारोह आयोजित होने जा रहा है। बता दें कि हरियाणा टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने पूरे गार्डन की बुकिंग होने के कारण बुधवार को आम पर्यटकों की एंट्री बंद रखने का फैसला किया है।

प्रबंधन की ओर से जारी सूचना में लोगों से अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाने की अपील की गई है। अब तक इस गार्डन में 6 से 7 बार शाही शादियां आयोजित हो चुकी हैं। जी हां, इससे चेहरे पर मायूसी जरूर छाई हुई है, लेकिन खबर को विस्तार से पढ़िए…
10 लाख रुपये शुल्क
अधिकारियों के अनुसार, पूरे गार्डन को एक दिन के लिए बुक कराने का शुल्क 10 लाख रुपये है। इसके अलावा जीएसटी भी देना होता है। डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पिंजौर गार्डन की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन इंडिया’ पहल से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में 90 करोड़ रुपये के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पिंजौर गार्डन और मोरनी हिल्स के टिक्कर ताल का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त और सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के मुताबिक, विकास कार्यों के दौरान गार्डन की ऐतिहासिक वास्तुकला और मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।
होटल से नाइट टूरिज्म तक
प्रोजेक्ट के तहत PPP मॉडल पर लग्जरी होटल और रूफटॉप हेलीपैड बनाया जाएगा। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन एवं प्रदर्शनी केंद्र, म्यूजिकल फाउंटेन, बटरफ्लाई पार्क, एक्वेरियम और नाइट टूरिज्म के लिए खास लाइटिंग की व्यवस्था होगी। हीं, टिक्कर ताल में बोटिंग सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ एडवेंचर टूरिज्म का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटन, राजस्व और स्थानीय युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।