पंचकूला | अपना घर बनाने का सपना देखने वाले परिवारों के लिए हरियाणा में पंचकूला के आसपास अब एक नया ऑप्श्न तैयार हो रहा है। खासकर ऐसे लोग, जो बड़े प्लॉट की कीमत के कारण सरकारी आवासीय योजनाओं में घर नहीं खरीद पाते, उनके लिए यह योजना राहत दे सकती है। बता दें कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) पिंजौर-कालका अर्बन कॉम्प्लेक्स के तहत HMT के पास सेक्टर-27 एक्सटेंशन विकसित कर रहा है।

करीब 95.12 एकड़ में बनने वाले इस सेक्टर में कुल 388 रिहायशी प्लॉट प्रस्तावित हैं। दरअसल, पहली बार यहां 5 मरले के प्लॉट भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इस सेक्टर में अलग-अलग आकार के प्लॉट रखे गए हैं।
सुविधाओं पर काम शुरू
इनमें चार मरले के 38, पांच मरले के 133, छह मरले के 43, आठ मरले के 44, दस मरले के 70, 14 मरले के 52 और एक कनाल के 8 प्लॉट शामिल हैं। पांच मरले के प्लॉट की संख्या सबसे अधिक है। HSVP ने सेक्टर के विकास की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सीवरेज, पेयजल और वर्षा जल निकासी की पाइपलाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सड़क और दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
प्लॉट का ई-ऑक्शन
विकास कार्य पूरे होने के बाद प्लॉटों की नीलामी का रास्ता साफ होगा। योजना के अनुसार, 2027 में पंचकूला एस्टेट ऑफिस की ओर से ई-ऑक्शन कराया जा सकता है। हालांकि, नीलामी की तारीख और रिजर्व प्राइस को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। सेक्टर माजरी चौक से करीब 12 किलोमीटर दूर होगा। इसे चंडीगढ़-अंबाला रोड से जोड़ने की योजना है। यहां प्राइमरी स्कूल, प्ले ग्राउंड, क्रैच, क्लब, कम्युनिटी सेंटर, पार्क, खुले स्थान और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।