फरीदाबाद | हरियाणा के बल्लभगढ़ और पलवल के बीच सफर करने वाले लोगों को अक्सर रेलवे पुल और सेक्टर-58 की रेड लाइट पर जाम से जूझना पड़ता है। खासकर अनाज मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों को भी परेशानी होती है। अब इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने दिल्ली-आगरा हाईवे के दिल्ली से आगरा खंड पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 1123.56 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।

इसके तहत बल्लभगढ़ के रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को चार से बढ़ाकर सात लेन का बनाया जाएगा। योजना के तहत सेक्टर-58 में अर्थमूवर उद्योग के सामने स्थित रेड लाइट को खत्म किया जाएगा।
बनेगा अंडरपास
यहां अंडरपास बनाया जाएगा, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी। इसके अलावा आरओबी के नीचे दिल्ली और पलवल दोनों तरफ यू-टर्न बनाए जाएंगे। बल्लभगढ़ अनाज मंडी के सामने यू-टर्न बनने से किसानों को फसल लेकर मंडी पहुंचने और वापस लौटने में आसानी होगी। किसान पुरुषोत्तम डागर ने इसे किसानों के हित में अच्छा कदम बताया। आढ़ती राहुल मित्तल के मुताबिक, मंडी तक पहुंचने में परेशानी के कारण कई किसान पलवल और मोहना मंडी का रुख करने लगे थे।
जल्द जारी होगा टेंडर
परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि आरओबी विस्तार, दोनों तरफ यू-टर्न और अंडरपास की मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि इस योजना से किसानों, व्यापारियों और आम वाहन चालकों को लाभ मिलेगा। वहीं, मार्केट कमेटी बल्लभगढ़ के चेयरमैन संजीव बैसला ने बताया कि आढ़तियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और विधायक मूलचंद शर्मा से यू-टर्न बनाने की मांग की थी।