हरियाणा के किसानों के लिए कमाई का नया रास्ता, मशरूम की खेती पर मिल रही भारी छूट

चंडीगढ़ | खेती से आमदनी बढ़ाने के लिए किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ दूसरे ऑप्शन भी तलाश रहे हैं। ऐसे में मशरूम की खेती कम जगह और सीमित पूंजी में शुरू होने वाला अच्छा व्यवसाय बन रही है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले का पिहोवा भी मशरूम उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। बता दें कि कुरुक्षेत्र के जिला बागवानी अधिकारी डॉ. शिवेंदु प्रताप सिंह सोलंकी के अनुसार जिले में मशरूम की खेती का रकबा लगातार बढ़ रहा है।

Mushroom Farming

पिहोवा की पहचान भी मशरूम उत्पादन केंद्र के रूप में मजबूत हो रही है। खासकर बटन मशरूम की खेती चरणबद्ध तरीके से की जाती है। सबसे पहले गेहूं या धान के भूसे में मुर्गी की खाद, यूरिया, जिप्सम और चोकर मिलाकर 25 से 28 दिनों में कंपोस्ट तैयार किया जाता है।

मशरूम की फसल

इसके बाद ठंडी कंपोस्ट में प्रमाणित संस्थान से लिया गया मशरूम बीज मिलाकर पॉलीथीन बैग या रैक में भरा जाता है। करीब 15 से 18 दिन बाद कंपोस्ट पर सफेद मायसेलियम फैलने पर 1.5 से 2 इंच मोटी केसिंग परत बिछाई जाती है। इसके 15 से 20 दिन बाद छोटी कलियां निकलने लगती हैं। मशरूम की टोपी गोल और कसी होने पर उसकी तुड़ाई की जाती है।

अच्छे उत्पादन के लिए मायसेलियम फैलने के दौरान तापमान 22 से 25 डिग्री और नमी 80 से 85 प्रतिशत रखनी चाहिए। कलियां निकलते समय तापमान 14 से 18 डिग्री और नमी 85 से 90 प्रतिशत होनी चाहिए। साथ ही फार्म में सफाई, संक्रमण से बचाव और हवा का सही आवागमन जरूरी है।

मिलती है सरकारी सब्सिडी

अधिकारी के अनुसार, एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत व्यावसायिक मशरूम उत्पादन, कंपोस्ट और स्पॉन यूनिट पर परियोजना लागत का 40 प्रतिशत तक क्रेडिट-लिंक्ड अनुदान मिलता है। इसकी अधिकतम सहायता 8 से 12 लाख रुपये तक बताई गई है। छोटी मशरूम इकाइयों पर 50 प्रतिशत तक सहायता उपलब्ध है। छोटे और सीमांत किसानों को मौसमी झोपड़ी और प्लास्टिक ट्रे खरीदने पर 50 से 85 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाता है।

अनुसूचित जाति के पात्र किसानों को विशेष योजना के तहत मशरूम ट्रे और अन्य संसाधनों पर 85 से 90 प्रतिशत तक सहायता मिल सकती है। इच्छुक किसान पहले मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद हरियाणा उद्यान विभाग की वेबसाइट hortharyana.gov.in या जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.