हिसार | हरियाणा के हिसार और आसपास के इलाकों में रोजाना सफर करने वाले लोगों को आने वाले समय में बड़ी राहत मिल सकती है। खासकर सातरोड़ कलां, लाडवा और गंगवा रोड से जुड़े क्षेत्रों में आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने अहम कदम उठाया है। बता दें कि हरियाणा सरकार ने सातरोड़ कलां साउथ बाईपास से लाडवा-सातरोड़ खुर्द (गंगवा रोड) तक लिंक रोड पर देवा डिस्ट्रीब्यूट्री के साथ तीन नए पुल बनाने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि परियोजना पर कुल 2 करोड़ 19 लाख 94 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस काम को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के निक्षेप कार्य के रूप में पूरा कराया जाएगा।
इन 3 जगहों पर होगा निर्माण
वहीं, तीनों पुलों का निर्माण अलग-अलग स्थानों पर होगा। इनमें ए-ड्रेन के आरडी 1950, सातरोड़ मिरका ड्रेन के आरडी 29800 और देवा डिस्ट्रीब्यूट्री के साथ पुराने सिवानी फीडर के आरडी 4250 का स्थान शामिल है। इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने मुख्य अभियंता को आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया है।
लोगों को मिलेगी राहत
पुलों का निर्माण पूरा होने के बाद सातरोड़ कलां, लाडवा, सातरोड़ खुर्द और गंगवा रोड सहित आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। निर्माण पर होने वाला खर्च सरकारी नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार किया जाएगा।