रिटायरमेंट के बाद भी हर महीने मिलेगी PF से रकम, EPFO ने मंजूर किया नया प्लान

नई दिल्ली | नौकरी के दौरान हर महीने सैलरी का कुछ हिस्सा भविष्य निधि (PF) खाते में जमा होता है। यह रकम रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सहारा बनती है। अब कर्मचारियों को इस बचत का इस्तेमाल करने में और सहूलियत मिलने वाली है। वे अपनी जरूरत के हिसाब से पीएफ की रकम किस्तों में निकाल सकेंगे और बची हुई राशि पर ब्याज भी मिलता रहेगा।

EPFO New Rules

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के केंद्रीय न्यासी बोर्ड ने सिस्टमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई बोर्ड की 240वीं बैठक में यह फैसला लिया गया। इस योजना को करीब दो महीने में लागू किए जाने की उम्मीद है।

हर महीने निकाल सकेंगे पैसा

नई व्यवस्था के तहत पीएफ खाताधारक अपनी सुविधा के अनुसार मासिक, तिमाही या छमाही आधार पर रकम निकाल सकेंगे। खाते में बची राशि पर ईपीएफ का ब्याज मिलता रहेगा। यह सुविधा स्वैच्छिक होगी। शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक उम्र के ऐसे 6.32 लाख सदस्यों को इसका लाभ मिल सकता है, जिनके खाते में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं। सदस्य की मृत्यु होने पर नामित व्यक्ति बची हुई रकम निकाल सकेगा।

न्यूनतम बैलेंस की सीमा

बोर्ड ने पीएफ खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की सीमा भी घटा दी है। पिछले साल तय 25 प्रतिशत की जगह अब इसे 10 प्रतिशत कर दिया गया है। नौकरी छूटने के बाद पीएफ की अंतिम निकासी के लिए इंतजार की अवधि 12 महीने से घटाकर 2 महीने कर दी गई है। हालांकि, पेंशन फंड से अंतिम निकासी के लिए 36 महीने की प्रतीक्षा अवधि में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

निवेश पर चर्चा

ईपीएफओ ने नियोक्ता के पेरोल से अलग डिजिटल माध्यमों से पीएफ खाते में स्वैच्छिक योगदान की संभावना पर भी विचार किया। टिप्स, उपहार और ईनाम जैसी छोटी रकम को UAN से जुड़े खातों में जमा करने का प्रस्ताव भी चर्चा में रहा। निवेश फंड में मौजूदा निवेश सीमा के भीतर 3 प्रतिशत तक निवेश को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.