हरियाणा TET में इस बार बड़ा बदलाव, परीक्षा खत्म होते ही अभ्यर्थियों को मिलेगी OMR शीट की कॉपी

चंडीगढ़ | शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा के बाद अपने जवाबों का मिलान करना काफी अहम होता है। अब हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (TET) में उम्मीदवारों को इसके लिए उत्तर कुंजी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बोर्ड ने इस बार OMR शीट को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।

HTET Registration

अभ्यर्थी 27 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इस बार परीक्षा में कार्बन युक्त OMR शीट दी जाएगी और परीक्षा समाप्त होते ही उसकी एक कॉपी अभ्यर्थियों को मिल जाएगी। इसके लिए सभी श्रेणियों की आवेदन फीस में पिछले साल के मुकाबले 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

दिसंबर में परीक्षा

बोर्ड अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा के अनुसार, HTET की परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी 28 और 29 नवंबर को अपने ऑनलाइन आवेदन में संशोधन भी कर सकेंगे। बोर्ड सचिव के मुताबिक, कार्बन कॉपी मिलने से अभ्यर्थी आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी होने से पहले अपने दर्ज किए गए जवाबों का मिलान कर सकेंगे। इससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी। हालांकि, 20 प्रश्न खाली छोड़ने वाले अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित करने का नियम पहले की तरह लागू रहेगा।

इतनी लगेगी फीस

परीक्षा स्तर सामान्य श्रेणी SC और दिव्यांग
एक लेवल ₹1,200 ₹700
दो लेवल ₹2,000 ₹1,100
तीनों लेवल ₹2,600 ₹1,400

कर सकेंगे संशोधन

28 और 29 नवंबर को अभ्यर्थी नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, फोटोयुक्त पहचान प्रमाणपत्र, आधार नंबर और लेवल-2 व लेवल-3 के विषय चयन में बदलाव कर सकेंगे। निर्धारित समय के बाद संशोधन का मौका नहीं मिलेगा। वहीं, लेवल, जाति वर्ग, गृह राज्य और दिव्यांग श्रेणी में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.