सोनीपत | शहर के बाजारों और मुख्य सड़कों पर वाहनों की भीड़ से जूझ रहे गन्नौर के लोगों को आने वाले समय में राहत मिल सकती है। बाहर से आने-जाने वाले वाहनों को शहर के भीतर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए नया फोरलेन बाइपास बनाने की तैयारी की जा रही है। बता दें कि गन्नौर के मास्टर प्लान-2031 में शामिल करीब 5.25 किलोमीटर लंबे बाइपास का निर्माण जीटी रोड से गांव गुमड़ तक प्रस्तावित है।

इसके लिए 45 मीटर चौड़ी सड़क बनाई जाएगी और करीब 57 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होगा। सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने परियोजना की मंजूरी के लिए सरकार को पत्र लिखा है।
करोड़ रुपये का तैयार हुआ एस्टीमेट
एसएमडीए ने बाइपास निर्माण के लिए 77.45 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। बाइपास बनने से शहर के मुख्य बाजारों और व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। गन्नौर में बाइपास बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। वर्ष 2014 में तत्कालीन विधायक कुलदीप शर्मा ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था। वर्ष 2020 में तत्कालीन विधायक निर्मल चौधरी ने भी इसकी मांग की।
जनवरी 2021 में लोक निर्माण विभाग ने लड़सौली से बांय तक करीब 17 किलोमीटर लंबे बाइपास की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की थी। उस प्रस्ताव में लगभग 131 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की योजना थी।
सुझाव के बाद आगे बढ़ी परियोजना
दिसंबर 2025 में विधायक देवेंद्र कादियान ने विधानसभा में राजपुरा माइनर के साथ नहरी मार्ग पर सड़क बनाने का विकल्प सुझाया था। इसके बाद एसएमडीए की बैठक में फोरलेन बाइपास का प्रस्ताव रखा गया, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 मई को हुई बैठक में मंजूरी दी थी।
गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज जाने वाले हल्के और भारी वाहनों को फिलहाल शहर के बीच से गुजरना पड़ता है। बाइपास बनने के बाद बाहरी और लंबी दूरी के वाहन शहर में प्रवेश किए बिना निकल सकेंगे। इससे स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।