दिल्ली से करनाल का सफर 90 मिनट में होगा पूरा, 33 हजार करोड़ से बनेगा 136 KM लंबा रैपिड रेल कॉरिडोर

सोनीपत | राजधानी दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को अक्सर ट्रैफिक जाम और लंबी यात्रा के कारण परेशानी होती है। खासकर पानीपत और करनाल से दिल्ली आने-जाने में कई घंटे लग जाते हैं। अब नमो भारत ट्रेन शुरू होने से इस दूरी को कम करने की तैयारी है। बता दें कि दिल्ली-सोनीपत-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर के रूट को केंद्र और हरियाणा सरकार के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से भी मंजूरी मिल गई है।

Namo Bharat Train

करीब 136.3 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट पर 33,051 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके शुरू होने के बाद दिल्ली से करनाल का सफर करीब 90 मिनट में पूरा हो सकेगा, जबकि दिल्ली से पानीपत पहुंचने में लगभग एक घंटा लगेगा।

बनेगा एलिवेटेड ट्रैक

इस कॉरिडोर का अधिकांश हिस्सा दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे-44 के समानांतर बनाया जाएगा। इसमें कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। ज्यादातर स्टेशन एलिवेटेड होंगे, जबकि कश्मीरी गेट और पानीपत में भूमिगत स्टेशन बनाने की योजना है। ट्रेन की डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा प्रस्तावित है। दिल्ली का सराय काले खां स्टेशन बड़ा इंटरचेंज हब बनेगा।

यहां से यात्री दिल्ली-मेरठ नमो भारत, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और ISBT से जुड़ सकेंगे। वहीं, कश्मीरी गेट पर मेट्रो की रेड, येलो और वायलेट लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा झड़ौदा माजरा, बुराड़ी क्रॉसिंग, भलस्वा और मुकरबा चौक पर भी मेट्रो से जुड़ने की सुविधा प्रस्तावित है।

सोनीपत में बनेंगे 6 स्टेशन

हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली, KMP एक्सप्रेसवे इंटरचेंज, बहालगढ़ चौक, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, मुरथल, बरी इंडस्ट्रियल स्टेशन और गन्नौर को कॉरिडोर से जोड़ने की योजना है। नरेला से मुरथल के बीच करीब 22 किलोमीटर हिस्से पर शुरुआती काम भी शुरू हो चुका है। इस परियोजना को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) की ओर से 2030 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.