चरखी दादरी | ओलावृष्टि से फसल खराब होने पर किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ सरकारी सहायता पाने की चिंता भी सताने लगती है। कई बार तकनीकी दिक्कतों के कारण किसान समय पर अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा पाते। हरियाणा के चरखी दादरी में ऐसे ही किसानों को अब एक और मौका दिया गया है। बता दें कि चरखी दादरी जिले के 11 गांवों के किसान अब 14 नवंबर तक क्षतिपूर्ति पोर्टल पर ओलावृष्टि से खराब हुई फसल का ब्यौरा दर्ज करा सकते हैं।

किसानों की मांग पर सरकार ने पोर्टल दोबारा खोल दिया है। इससे उन किसानों को राहत मिलेगी, जो इंटरनेट की समस्या के कारण पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। दरअसल, 23 अक्टूबर को जिले के 11 गांवों में ओलावृष्टि हुई थी।
सरकार को लिखा था पत्र
इससे खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा था। सरकार ने प्रभावित किसानों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला था, लेकिन इंटरनेट कनेक्टिविटी खराब होने के कारण कई किसान अपनी फसल के नुकसान की जानकारी दर्ज नहीं कर सके। इसके बाद 4 नवंबर को किसान अपनी समस्या लेकर उपायुक्त मनदीप कौर से मिले। किसानों की परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने उसी दिन मुख्यालय को पत्र लिखकर पोर्टल दोबारा खोलने का अनुरोध किया था। सरकार ने इस मांग पर संज्ञान लेते हुए 14 नवंबर तक आवेदन की सुविधा बहाल कर दी है।
किसान कर सकेंगे आवेदन
ओलावृष्टि से प्रभावित गांवों में पैंतावास कलां, अख्तियारपुरा, खातीवास, समसपुर, कमोद, रावलधी, चरखी, फतेहगढ़, दादरी और घिकाड़ा शामिल हैं। इन गांवों के किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर क्षतिपूर्ति पोर्टल पर फसल नुकसान की रिपोर्ट दर्ज करा सकते हैं।