यमुनानगर | हरियाणा के धार्मिक मेलों में कपाल मोचन मेले का खास महत्व है। हर साल यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार मेले में धार्मिक आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनूठा संगम देखने को मिलेगा। बता दें कि यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवंबर तक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर कपाल मोचन मेले का आयोजन किया जाएगा।

करीब 122 एकड़ क्षेत्र में लगने वाले इस मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
लाइट एंड साउंड शो होंगे खास
इस बार मेले में गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा श्री गुरु नानक देव जी, बाबा बंदा सिंह बहादुर और अन्य महान संतों एवं महापुरुषों के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मेले में एक भव्य प्रदर्शनी के जरिए सिखों के सभी दस गुरुओं का गौरवशाली इतिहास, जीवन दर्शन, शिक्षाएं और समाज के प्रति योगदान सचित्र दिखाया जाएगा।
वहीं, पंजाब और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है। मेला परिसर के सभी सेक्टरों में वाहनों की पार्किंग और ठहरने के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
नेताओं की मौजूदगी
इस मेले में पंजाब के मालवा क्षेत्र से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु पहुंचते हैं। सिख गुरुओं के इतिहास से जुड़े होने के कारण पंजाब के कई राजनीतिक परिवारों की भी यहां गहरी आस्था रही है। पहले पंजाब के नेता और मंत्री भी मेले में पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं। ऐसे में आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस बार मेले की तैयारियों को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है।