यमुनानगर | दिवाली पर भगवान श्रीराम की पूजा और घरों में दीप जलाने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इस दिन रावण दहन भी किया जाता है, लेकिन हरियाणा के यमुनानगर में एक ऐसा अनोखा मंदिर है, जहां दिवाली पर भगवान श्रीराम के साथ लंकापति रावण की भी पूजा होती है। बता दें कि यमुनानगर के बाड़ीमाजरा के पास टपरी इलाके में पश्चिमी यमुना नहर के किनारे यह मंदिर स्थित है।

यहां दीपावली पर पहले भगवान श्रीराम का पूजन किया जाता है और इसके बाद रावण की प्रतिमा के सामने श्रद्धालु शीश झुकाते हैं। मंदिर में रावण को विद्वान ब्राह्मण और भगवान शिव के भक्त के रूप में सम्मान दिया जाता है।
रावण की पूजा
पहले श्रीराम, फिर रावण के सामने झुकाते हैं शीश
मंदिर की देखरेख करने वाले नरेश के मुताबिक, दीपावली पर यहां विशेष पूजा-अर्चना होती है। सबसे पहले भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। इसके बाद भगवान श्रीराम का पूजन होता है। फिर श्रद्धालु रावण की प्रतिमा के सामने नमन करते हैं।
मंदिर में पूजा के बाद पूरे परिसर को दीपों से सजाया जाता है। पश्चिमी यमुना नहर के किनारे दीपदान भी किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु दीप जलाकर दीपोत्सव में हिस्सा लेते हैं। यहां की परंपरा बाकी जगहों से अलग होने के कारण हर साल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहती है।
श्रीलंका से लाई गई ईंट
इस मंदिर को लेकर एक और खास बात बताई जाती है। इसकी नींव में श्रीलंका से लाई गई ईंटों का इस्तेमाल किया गया है। रावण की पूजा और मंदिर की इस विशेष मान्यता के कारण यह स्थान अपनी अलग पहचान रखता है।