हरियाणा के इस जिले में आज फ्री में खिलाए जाएंगे गोलगप्पे, बेटी के जन्म की खुशी में शुरू की अनोखी परंपरा

महेंद्रगढ़ | बेटी का जन्मदिन हर परिवार के लिए खास होता है। कोई घर में पार्टी करता है तो कोई दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ खुशियां मनाता है लेकिन हरियाणा के नारनौल में एक पिता अपनी बेटी की खुशी पूरे शहर के लोगों के साथ बांटते हैं। इसके लिए वे हर साल सुबह से शाम तक मुफ्त गोलगप्पे खिलाते हैं। बता दें कि नारनौल के किला रोड मुख्य बाजार में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाने वाले उदय सैनी अपनी बेटी इशिका का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाते हैं।

Free Golgappe

इस बार बेटी के चौथे जन्मदिन पर भी उन्होंने लोगों को मुफ्त गोलगप्पे खिलाने की तैयारी की है। इसके लिए करीब 50 हजार रुपये का सामान तैयार किया गया है और एक सप्ताह पहले ही रेहड़ी के पीछे फ्लैक्स लगाकर लोगों को जानकारी दे दी गई थी।

पिता की अनोखी पहल

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले उदय पिछले करीब 7 साल से नारनौल में रह रहे हैं। चार साल पहले बेटी इशिका के जन्म पर उन्होंने पहली बार लोगों को मुफ्त गोलगप्पे खिलाए थे। उस समय इस आयोजन पर करीब 20 से 25 हजार रुपये खर्च हुए थे। इसके बाद हर साल उन्होंने यह सिलसिला जारी रखा। अब लोगों की संख्या बढ़ने के साथ खर्च भी करीब 50 हजार रुपये तक पहुंच गया है।

उनके लिए बेटी साक्षात लक्ष्मी है। इशिका के जन्म के बाद उनका कारोबार भी पहले से बेहतर चलने लगा। इसी खुशी को वे हर साल लोगों के साथ साझा करते हैं। उनका मानना है कि बेटियां परिवार की खुशी हैं, बोझ नहीं।

अच्छे स्कूल में पढ़ाने का सपना

उदय की बेटी इशिका अभी नर्सरी में पढ़ती है। वे उसकी पढ़ाई और परवरिश में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते। उनका सपना है कि बेटी अच्छे स्कूल में पढ़े और आगे चलकर परिवार व शहर का नाम रोशन करे। इशिका के जन्मदिन पर मुफ्त गोलगप्पे खाने के लिए हर साल रेहड़ी पर लोगों की भीड़ जुटती है। आसपास के लोग उदय की इस पहल की सराहना करते हैं और बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी देते हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.