यमुनानगर के 4 वार्डों में होंगे विकास कार्य, 3 करोड़ रुपये से बनेंगी सड़कें और नालियां

यमुनानगर | शहर की कॉलोनियों में अच्छी सड़कें, साफ नालियां और बेहतर पार्क हों तो लोगों की रोजमर्रा की परेशानियां काफी कम हो जाती हैं। इसी जरूरत को देखते हुए यमुनानगर-जगाधरी में कई वार्डों के विकास की तैयारी की गई है। बता दें कि नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 8, 9, 12 और 14 में सड़क, नाली, सीवरेज पाइपलाइन, पार्क और श्मशान घाट के नवीनीकरण सहित कई काम करवाए जाएंगे। इन परियोजनाओं पर करीब 3 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सभी कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं।

Yamunanagar News

इन विकास कार्यों में सबसे बड़ा बजट वार्ड नंबर 9 के लिए रखा गया है। यहां लाल द्वारा रोड स्थित वृद्धाश्रम से कीर्ति नगर के आंबेडकर भवन तक एनपी-3 सीवरेज पाइपलाइन बिछाई जाएगी। वृद्धाश्रम से सौभाग्य रिसॉर्ट रोड के मोड़ तक आईपीबी सड़क बनाई जाएगी और उसे चौड़ा भी किया जाएगा।

खर्च होंगे सबसे ज्यादा रुपये

वहीं, वार्ड के अलग-अलग इलाकों में 20 लाख रुपये से विशेष मरम्मत कार्य होंगे। सुंदर विहार कॉलोनी में चावला के मकान से धर्मपाल के मकान तक सड़क और नाली बनाने पर 6 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पुरानी हमीदा कॉलोनी में दो परियोजनाओं के तहत सड़क और नालियों का निर्माण होगा। नगर निगम लाइब्रेरी से पन्नालाल फैक्टरी तक और गोड जिम से नुसर के मकान तक काम पर 21 लाख रुपये खर्च होंगे।

इसी तरह मोनू गोदाम से केबी ट्रांसपोर्ट, अमर ट्रांसपोर्ट, संजीव चक्की से नाले और सुभाष बत्रा के मकान सहित अन्य गलियों में सड़क व नालियां बनाई जाएंगी। इस परियोजना का बजट 38 लाख रुपये है।

श्मशान घाट का भी नवीनीकरण

वार्ड नंबर 8 में 41 लाख रुपये के काम प्रस्तावित हैं। इसमें 20 लाख रुपये से अलग-अलग जगह मरम्मत और 21 लाख रुपये से थापर कॉलोनी पार्क का नवीनीकरण किया जाएगा। वहीं, वार्ड नंबर 12 के गांव शादीपुर स्थित श्मशान घाट को 16 लाख रुपये की लागत से नया स्वरूप दिया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर महाबीर प्रसाद के अनुसार, सभी वार्डों में विकास कार्य करवाने के साथ उनकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.