यमुनानगर | शादी-ब्याह के बड़े समारोह (रिसेप्शन) में जब कई खास मेहमान एक साथ पहुंचते हैं, तो रौनक के साथ आसपास की सड़कों पर भी भीड़ बढ़ जाती है। ऐसा ही नजारा वीरवार को जगाधरी के मानकपुर स्थित लक्कड़ मंडी में देखने को मिला, जहां एक रिसेप्शन समारोह में वीवीआईपी मेहमानों के पहुंचने से करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री चौधरी अकरम खान की बेटी अफशां की रिसेप्शन में सुबह से ही मेहमानों का आना शुरू हो गया था। राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने से समारोह में दिनभर चहल-पहल बनी रही। इस दौरान कई वीवीआईपी भी जाम में फंस गए।
पहुंचे कई नेता
समारोह में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कुमारी सैलजा, विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, प्रदीप चौधरी और शमशेर सिंह गोगी भी पहुंचे। मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी ने भी समारोह में शिरकत की। सभी मेहमानों ने अफशां और अरबाज को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। अरबाज के पिता और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन भी समारोह में पहुंचे।
3 एकड़ में पंडाल
रिसेप्शन के लिए करीब तीन एकड़ में पंडाल तैयार किया गया था। मेहमानों के बैठने और खानपान के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए थे। वहीं, वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण लक्कड़ मंडी के दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मी यातायात और पार्किंग व्यवस्था संभालते नजर आए। अफशां और अरबाज हुसैन का निकाह 25 अक्टूबर को नई दिल्ली में हुआ था। अरबाज भाजपा नेता सैयद शाहनवाज हुसैन के बेटे हैं। निकाह के बाद वीरवार को जगाधरी के मानकपुर में रिसेप्शन समारोह आयोजित किया गया।