नई दिल्ली | छठ पर्व आते ही दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों की तैयारियां तेज हो जाती हैं। घाटों पर पूजा से लेकर घर लौटने वाले यात्रियों तक, हर तरफ इस त्योहार की रौनक दिखाई देने लगती है। ऐसे में दिल्ली सरकार और रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को छठ पर्व की तैयारियों को लेकर जनसेवा सदन में समीक्षा बैठक की।

इस दौरान उन्होंने बताया कि इस बार दिल्ली में कुल 1400 घाटों पर छठ पूजा आयोजित होगी। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।
11 किलोमीटर लंबा घाट
इस बार मुनक नहर पर 11 किलोमीटर लंबा भव्य छठ घाट विकसित किया जा रहा है। यह बाहरी रिंग रोड से इंद्रलोक तक बनाया जा रहा है। इसका उद्घाटन 12 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सिंघलपुर गांव से करेंगे। वहीं, छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र से 23 विशेष ट्रेनें शुरू की हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, इनमें आनंद विहार से 8, नई दिल्ली से 6, हजरत निजामुद्दीन से 3, शकूरबस्ती से 3, दिल्ली जंक्शन से 2 और रोहतक से 1 ट्रेन शामिल है।
स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया
यात्रियों की भीड़ संभालने के लिए आनंद विहार टर्मिनल पर स्थायी होल्डिंग एरिया शुरू किया गया है। यहां अस्थायी होल्डिंग एरिया के साथ टिकट काउंटर, टॉयलेट, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन, खानपान स्टॉल और सहायता बूथ की सुविधा भी उपलब्ध है। नई दिल्ली स्टेशन पर पहले से स्थायी होल्डिंग एरिया मौजूद है। जरूरत पड़ने पर रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी चला सकता है।