हिसार | देवउठनी एकादशी के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूश्यामजी और रींगस की ओर जाते हैं। ऐसे में रेल से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। बता दें कि उत्तर पश्चिम रेलवे ने पहले इस ट्रेन को 19 से 21 नवंबर तक 3 ट्रिप चलाने का फैसला लिया था। अब इसका संचालन 22 नवंबर तक बढ़ा दिया गया है। इस तरह ट्रेन के कुल 4 ट्रिप चलाई जाएगी।

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस स्पेशल 19 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 9:55 बजे हिसार से रवाना होकर शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी।
यहां होगा ठहराव
वापसी में गाड़ी संख्या 04748 रींगस-हिसार स्पेशल शाम 5:50 बजे रवाना होकर रात 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी। ट्रेन हांसी, बवानी खेड़ा, भिवानी, चरखी दादरी, जाटूसाना, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट, श्रीमाधोपुर और कोसली सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 13 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 कोच होंगे।
हिसार से रींगस जाते समय ट्रेन सुबह 11:54 बजे कोसली पहुंचेगी। वापसी में यहां पहुंचने का समय रात 9:44 बजे रहेगा। संचालन बढ़ने से आसपास के 3 दर्जन से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं को रींगस और खाटूश्यामजी जाने में सुविधा मिलेगी।
रेल सेवाएं रहेंगी प्रभावित
वहीं, हिसार-सादुलपुर ट्रैक पर चूरू यार्ड में रोड ओवरब्रिज निर्माण के लिए जनवरी-फरवरी 2027 में रेलवे ब्लॉक लेगा। चरौड़-सिवानी के बीच समपार फाटक संख्या 23 पर काम के चलते 8 रेल सेवाएं अलग-अलग दिनों में रद्द रहेंगी। ट्रेन संख्या 14897 बीकानेर-हिसार 24 जनवरी 2027 को रतनगढ़ तक ही चलेगी।