हरियाणा के पेंशनरों को बड़ी राहत, PPO नंबर डालते ही सामने आएगी फाइल की पूरी जानकारी

चंडीगढ़ | रिटायरमेंट के बाद पेंशन से जुड़ा कोई काम अटक जाए तो कर्मचारियों को जानकारी लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। अब हरियाणा के पेंशनरों को इस परेशानी से राहत मिलने वाली है। वे घर बैठे अपनी पेंशन फाइल की स्थिति और उस पर हुई कार्रवाई का अपडेट देख सकेंगे। बता दें कि प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), हरियाणा के चंडीगढ़ कार्यालय ने पेंशनर ऑनलाइन डायरी मैनेजमेंट सिस्टम (ODMS) पोर्टल पर यह सुविधा उपलब्ध कराई है।

Haryana Pensioners

पेंशनर PPO नंबर या फाइल आईडी से लॉगिन करके अपने मामले की रोजाना प्रगति, वर्तमान स्थिति और जारी प्राधिकार पत्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अपनी फाइल का अपडेट लेने के लिए कार्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

मिलेगी पूरी जानकारी

किसी तरह की सहायता के लिए 0172-3503960 और 0172-2613211 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। यह जानकारी सेक्टर-3 निवासी उमेद सिंह खत्री की शिकायत और सूचना मांगने के जवाब में दी गई है। प्रधान महालेखाकार कार्यालय के अनुसार, 10 मार्च से 30 सितंबर 2026 तक नोशनल इंक्रीमेंट के आधार पर पेंशन पुनरीक्षण के 2644 मामलों पर कार्रवाई की गई है। पूरे दस्तावेजों वाले मामलों का निपटारा किया जा चुका है। अधूरे दस्तावेजों वाले प्रकरण संबंधित पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी (PSA) और आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को लौटाए गए हैं।

30 दिन में निपटारे का दावा

पेंशन मामलों का निपटारा नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक के नागरिक अधिकार-पत्र के अनुसार 30 दिनों में किया जाता है। बता दें कि यह लाभ उन कर्मचारियों को पेंशन निर्धारण में मिलता है, जो 1 जुलाई को वेतन वृद्धि के पात्र होते हैं, लेकिन 30 जून को सेवानिवृत्त हो जाते हैं। इससे उनकी पेंशन बढ़े हुए वेतन के आधार पर तय हो सकती है। सरकार ने इस संबंध में 16 सितंबर 2025 को आदेश जारी किए थे।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.