पंचकूला | बीमारी का इलाज कराना पहले ही किसी परिवार के लिए बड़ी चुनौती होता है। ऐसे में जब कैंसर, हृदय और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां महंगी हों, तो मरीजों की परेशानी और बढ़ जाती है। अब हरियाणा में ऐसे मरीजों को दवाइयों के खर्च से कुछ राहत मिलने वाली है। बता दें कि हरियाणा के 16 जिलों में अमृत फार्मेसी की सुविधा शुरू की गई है।

पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जिला नागरिक अस्पताल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने इस फार्मेसी का उद्घाटन किया। इससे जिले के पांच लाख से अधिक मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मिलेंगी महंगी दवाइयां
अमृत फार्मेसी में बाजार मूल्य से कम कीमत पर दवाइयां और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे। यहां कैंसर, हृदय रोग, किडनी की बीमारी और डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली महंगी दवाइयां भी सस्ती दरों पर मिलेंगी। इससे सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने वाले मरीजों को दवाइयों के लिए बाजार पर कम निर्भर रहना पड़ेगा। यह सुविधा केंद्र सरकार की ‘अफोर्डेबल मेडिसिंस एंड रिलाएबल इंप्लांट्स फॉर ट्रीटमेंट’ पहल के तहत संचालित की जा रही है।
पहले इनमें थी सुविधा
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना के माध्यम से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। हरियाणा में रोहतक पीजीआईएमएस, करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, नूंह के शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज और गुरुग्राम समेत कई स्थानों पर अमृत फार्मेसी पहले से चल रही हैं। अब इसका विस्तार जिला स्तर पर किया जा रहा है। चंडीगढ़ पीजीआई सहित देश के कई बड़े सरकारी अस्पतालों में भी यह सुविधा उपलब्ध है।