पानी, सड़क और पार्क की समस्या पर बस एक कॉल करें, HSVP शुरू करेगा हेल्पलाइन सेवा

पंचकुला | हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से जुड़े काम करवाने के लिए लोगों को अक्सर दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पानी, सीवरेज, सड़क और पार्कों की समस्याओं के समाधान के लिए भी अब तक संबंधित कार्यालयों में संपर्क करना पड़ता है। लेकिन जल्द ही इन परेशानियों से राहत मिल सकती है। बता दें कि एचएसवीपी प्रदेश के करीब 3.25 लाख अलॉटीज और आम नागरिकों के लिए टेलीफोन आधारित हेल्पलाइन और शिकायत प्रबंधन प्रणाली शुरू करने जा रहा है।

HSVP Helpline

इसके लिए प्राधिकरण ने कॉल सेंटर सेवाएं आउटसोर्स करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और भारतीय कॉल सेंटर कंपनियों से ऑनलाइन टेंडर आमंत्रित किए हैं। एचएसवीपी ने हेल्पलाइन के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-3030 तय किया है।

सातों दिन मिलेगी सुविधा

इस नंबर पर कॉल करके लोग प्राधिकरण से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे और अपनी शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। पानी, सीवरेज, सड़क और पार्कों से जुड़ी समस्याओं को भी इस प्रणाली में शामिल किया गया है। प्रस्तावित कॉल सेंटर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। यह सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगा। होली और दिवाली को छोड़कर राष्ट्रीय और सरकारी छुट्टियों में भी सेवा जारी रहेगी। शुरुआत में कॉल सेंटर में 10 सीटें होंगी और हिंदी व अंग्रेजी में लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी।

वापस किया जाएगा संपर्क

यदि सभी एजेंट व्यस्त होने के कारण किसी की कॉल नहीं उठ पाती है तो उसे वापस कॉल की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क करेंगे। इसके अलावा पानी के बिलों के भुगतान की याद दिलाने के लिए अलॉटीज को कॉल और SMS अलर्ट भेजे जाएंगे। कॉल सेंटर में कॉल रिकॉर्ड मैनेजमेंट सिस्टम (CRM) और शिकायत प्रबंधन प्रणाली (GMS) भी उपलब्ध होगी। कॉल सेंटर का ढांचा, कर्मचारी और संचालन का खर्च सेवा प्रदाता कंपनी की जिम्मेदारी होगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.