कुरुक्षेत्र | लाडवा में आज के समय में युवाओं के लिए सिर्फ डिग्री हासिल करना ही काफी नहीं है, रोजगार पाने के लिए तकनीकी और कौशल भी जरूरी हो गया है। इसी जरूरत को देखते हुए हरियाणा में कौशल प्रशिक्षण और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के गांव बहलोलपुर में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का लोकार्पण किया।

इस मौके पर क्षेत्र को 43.31 करोड़ रुपये की 6 विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिली। इनमें परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास शामिल है। ऐसे में आने वाले समय में कौशल विकास कार्यक्रमों पर सरकार का फोकस बढ़ने की उम्मीद है।
इनपर रहेगा ध्यान
नए स्किल सेंटर और ITI के आधुनिकीकरण से युवाओं को रोजगार से जुड़े कौशल सीखने के अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम सेतु योजना के तहत 320 करोड़ रुपये खर्च करके कुरुक्षेत्र, कैथल और अंबाला की 7 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
आज धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले अंतरराष्ट्रीय कौशल केंद्र एवं विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
इन परियोजनाओं से प्रदेश में युवाओं के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
हमारी सरकार का संकल्प है कि हरियाणा का युवा हुनरमंद बने, आत्मनिर्भर बने और विकसित हरियाणा के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
— Nayab Saini (@NayabSainiBJP) November 15, 2026
ये लक्ष्य तय
वहीं, नवीन अवसर कार्यक्रम के तहत अगले एक वर्ष में 10 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।