नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए समय की बचत सबसे बड़ी जरूरत है। खासकर ऑफिस और कामकाज के समय हर मिनट कीमती होता है। ऐसे यात्रियों को अब नमो भारत में पहले से तेज सफर मिलने जा रहा है। बता दें कि NCRTC 16 नवंबर 2026 से नमो भारत की फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेनें पीक आवर्स में चलेंगी और सभी स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। इससे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों का यात्रा समय कम होगा।

NCRTC के अनुसार, फास्ट ट्रेन से आनंद विहार से गाजियाबाद का सफर सिर्फ 8 मिनट में पूरा हो सकेगा। वहीं, आनंद विहार से मेरठ के बेगमपुल स्टेशन तक पहुंचने में करीब 36 मिनट लगेंगे। गाजियाबाद से बेगमपुल की दूरी भी महज 28 मिनट में तय की जा सकेगी।
16 नवंबर से शुरू होंगी फास्ट ट्रेनें
इन ट्रेनों के लिए दिल्ली से मेरठ के बीच चुनिंदा स्टेशनों पर ही ठहराव रखा जाएगा। इससे पूरे कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में पूरी हो सकेगी। खासकर पीक आवर्स में नियमित यात्रियों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
ध्यान रखें ये बात
फास्ट ट्रेनें शुरू होने से मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यात्रियों को स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड देखने और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। इससे वे फास्ट और नियमित ट्रेन के बीच अंतर समझकर सही ट्रेन में सफर कर सकेंगे।