हांसी | हरियाणा के खिलाड़ियों की पहचान उनके खेल के साथ-साथ अपने देसी अंदाज के लिए भी है। कुछ ऐसा ही नजारा राष्ट्रपति भवन में देखने को मिला, जब हांसी के गांव सोरखी के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल पुरस्कार लेने पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति को अंग्रेजी अभिवादन के बजाय हरियाणवी अंदाज में राम-राम कहा। बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को नरेंद्र बेरवाल को अर्जुन पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया।

समारोह में कई लोग राष्ट्रपति को गुड आफ्टरनून कहकर अभिवादन कर रहे थे, लेकिन नरेंद्र ने राम-राम कहा। राष्ट्रपति ने भी मुस्कुराकर राम-राम का जवाब दिया। उन्होंने नरेंद्र को आगे भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
भिवानी से शुरू हुआ सफर
नरेंद्र बेरवाल ने 2009 में भिवानी की मुक्केबाजी अकादमी में प्रशिक्षक देवराज से प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। तीन साल बाद उन्होंने फिलीपींस में युवा विश्व प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। 2013 में भारतीय सेना में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने बॉक्सिंग का अभ्यास जारी रखा और उसी साल युवा एशियाई प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। नरेंद्र ने 2015 के विश्व सैन्य खेलों में रजत पदक जीता।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने श्री नरेंद्र को मुक्केबाजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए अर्जुन पुरस्कार, 2025 प्रदान किया।
श्री नरेंद्र ने हांगझोऊ एशियाई खेलों और अम्मान एएसबीसी एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में पदक जीते हैं। https://t.co/NTpzUWW05U— President of India (@rashtrapatibhvn) November 13, 2026
जानें सफर
एशियाई और राष्ट्रमंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व किया। 2023 के एशियाई खेलों में कांस्य और यूरोपीय कप में स्वर्ण पदक हासिल किया। 2025 के राष्ट्रीय खेलों में भी वह स्वर्ण विजेता रहे। आइची-नागोया एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में नरेंद्र ने थाईलैंड के अद्थापोंग सेंगतेप को हराकर पदक पक्का किया था। सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के विश्व चैंपियन ऐबेक ओरलबाय से हार के बाद उन्हें कांस्य पदक मिला। अर्जुन पुरस्कार मिलने से उनके गांव सोरखी और हांसी में खुशी का माहौल है।