सिरसा | दूध और उससे बने उत्पादों का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है। ऐसे में दूध की कीमतों में होने वाला छोटा बदलाव भी महीने के बजट पर असर डालता है। अब हरियाणा में वीटा दूध खरीदने वाले लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। बता दें कि शनिवार को बल्लभगढ़, सिरसा और अंबाला वीटा प्लांट की ओर से दूध की नई रेट लिस्ट जारी की गई है।

सिरसा में फुल क्रीम दूध की कीमत 3 रुपये बढ़ाकर 75 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं, जींद प्लांट में 4 रुपये की बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 76 रुपये प्रति लीटर हो गई है। सिरसा प्लांट के सीईओ दिनेश महता के मुताबिक, नई कीमतें 16 नवंबर से लागू होंगी।
दूध के नए रेट
बल्लभगढ़ प्लांट में A2 भैंस के दूध की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर तय की गई है। वहीं, सिरसा और जींद में फुल क्रीम दूध के दाम बढ़ाए गए हैं। प्लांट के अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी की वजह दूध की खरीद और बिक्री के रेट में अंतर है। सिरसा प्लांट के सीईओ दिनेश महता ने बताया कि सिरसा में गाय का दूध ज्यादा आता है, जिससे प्लांट को अपेक्षाकृत कम नुकसान हो रहा था। इसके उलट जींद प्लांट में भैंस के दूध की मात्रा अधिक है। इसमें फैट ज्यादा होने के कारण खरीद पर अधिक कीमत देनी पड़ती है, जबकि बिक्री के दाम नहीं बढ़ रहे थे। इसी वजह से जींद में ज्यादा बढ़ोतरी की गई।
गाय के दूध के रेट भी बढ़ने की संभावना
महता के अनुसार, आने वाले समय में गाय के दूध के फैट के रेट भी बढ़ाए जा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगले एक महीने में इस पर फैसला हो सकता है। वीटा में भैंस के दूध का रेट 10 फैट पर 85 रुपये और गाय के दूध का रेट 5 फैट पर 72 रुपये के हिसाब से तय है। प्रदेश में जींद, अंबाला, सिरसा, हिसार, बल्लभगढ़, रोहतक और कुरुक्षेत्र में वीटा के सात प्लांट हैं। यहां 665 से ज्यादा मिल्क बूथ संचालित हैं। फेडरेशन की रिपोर्ट के अनुसार, इन प्लांटों में रोजाना करीब 5 लाख लीटर दूध खरीदा जाता है, जबकि कुल प्रोसेसिंग क्षमता 10 लाख लीटर प्रतिदिन है।