जींद | हरियाणा के जींद शहर के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। जींद में भी दूसरे जिलों से आने-जाने वाले वाहन चालकों को जल्द ही इस परेशानी से राहत मिल सकती है। शहर के अधूरे रिंग रोड को पूरा करने की योजना को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद के शेष रिंग रोड के निर्माण को हरी झंडी दे दी है।

करीब साढ़े आठ किलोमीटर लंबे इस हिस्से के लिए अब दोबारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराई जाएगी। इसके बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रस्तावित रिंग रोड शहर के चारों ओर पूरा सर्कल तैयार करेगा।
6 प्रमुख मार्गों से जुड़ेगा रोड
इसके बनने से जींद-दिल्ली, जींद-भिवानी, जींद-पटियाला, जींद-चंडीगढ़, जींद-पानीपत और जींद-सोनीपत मार्ग आपस में जुड़ जाएंगे। फिलहाल रिंग रोड का आधा हिस्सा बन चुका है, जबकि बाकी निर्माण पूरा होना है। प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
2016 में हुई थी घोषणा
जींद के शेष रिंग रोड की घोषणा 11 दिसंबर 2016 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी। योजना के तहत रिंग रोड को नरवाना रोड से शुरू होकर बरवाला रोड, जो जींद-हिसार मार्ग का हिस्सा है, तक जोड़ना प्रस्तावित है। हालांकि, घोषणा के बाद परियोजना लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ पाई। पहले एक निजी कंपनी को डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन कंपनी के काम छोड़ने से योजना अटक गई। अब सरकार नए सिरे से डीपीआर तैयार करवाकर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।