गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम और झज्जर के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को आने वाले समय में जाम से राहत मिल सकती है। खासकर पटौदी शहर और हेली मंडी के आसपास आवाजाही आसान बनाने के लिए सड़क और रेलवे ओवरब्रिज से जुड़े काम किए जाएंगे। दरअसल, हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम जिले के बिलासपुर से झज्जर जिले के कुलाना तक सड़क को फोरलेन करने के लिए 555.83 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी है।

इस परियोजना में पटौदी शहर में फ्लाईओवर बनाने और हेली मंडी में मौजूदा दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज को चार लेन का करने की योजना शामिल है। लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि बिलासपुर से कुलाना तक सड़क को चौड़ा करने की परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पटौदी में बनेगा फ्लाईओवर
इसके तहत पटौदी शहर में फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इससे शहर से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। परियोजना के तहत हेली मंडी में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 45-ए पर बने मौजूदा दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज को भी चार लेन का किया जाएगा। इससे रेलवे क्रॉसिंग के आसपास यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
समीक्षा के बाद तय हुई लागत
सरकार की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) की समीक्षा की गई। इसके बाद परियोजना का संशोधित अनुमान 555.83 करोड़ रुपये तय किया गया है। सड़क फोरलेन होने के साथ फ्लाईओवर और रेलवे ओवरब्रिज का विस्तार पूरा होने पर गुरुग्राम और झज्जर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।