गुरुग्राम | हरियाणा में गुरुग्राम और झज्जर के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को आने वाले समय में ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। अभी कई हिस्सों में सड़क संकरी होने के कारण वाहनों का दबाव बना रहता है। अब इस मार्ग को चौड़ा करने की तैयारी है, जिससे आसपास के शहरों और हाईवे तक पहुंचना भी आसान होगा। बता दें कि गुरुग्राम के बिलासपुर से झज्जर जिले के कुलाना तक करीब 26 किलोमीटर लंबी सड़क को टू लेन से फोरलेन किया जाएगा।

लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के मुताबिक, इस परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसके लिए 555.83 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। पटौदी शहर में फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा।
पटौदी में बनेगा फ्लाईओवर
वहीं, हेली मंडी में रेलवे क्रॉसिंग संख्या 45-ए पर बने मौजूदा दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज को चार लेन में बदला जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी करनी होगी। सड़क को नेशनल हाईवे की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसके पूरा होने पर बिलासपुर से कुलाना के बीच आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।
साथ ही, दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे और गुरुग्राम-रेवाड़ी हाईवे से जुड़ाव बेहतर होगा। इससे स्थानीय लोगों के अलावा व्यापारियों और किसानों को भी फायदा मिल सकता है।
पहले हुआ था विरोध
हेली मंडी में रेलवे ओवरब्रिज को चौड़ा करने का प्रस्ताव पहले स्थानीय लोगों और व्यापारियों की चिंता का कारण बना था। वर्ष 2023 में उन्होंने सड़क चौड़ीकरण का विरोध किया था। लोगों को आशंका थी कि इससे उनकी दुकानें और मकान प्रभावित हो सकते हैं। उस समय स्थानीय विधायक ने जमीन अधिग्रहण के दौरान व्यापारियों से बातचीत का भरोसा दिया था। हालांकि, अब ओवरब्रिज को चार लेन करने की मंजूरी मिल चुकी है।