नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले लोगों को अक्सर रास्ते में लंबे जाम और ट्रैफिक की परेशानी झेलनी पड़ती है। खासकर वीकेंड और छुट्टियों के दौरान यह सफर काफी थकाऊ हो जाता है। अब यात्रियों को इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को हरिद्वार से जोड़ने के लिए नया लिंक एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है।

सहारनपुर से हरिद्वार के बहादराबाद तक करीब 51 किलोमीटर लंबा छह लेन का एक्सेस कंट्रोल्ड लिंक एक्सप्रेसवे तैयार किया जा रहा है। यह मार्ग सहारनपुर के सोहनचिड़ा मस्त से शुरू होकर रुड़की बाईपास के रास्ते बहादराबाद पहुंचेगा। इसके खुलने के बाद दिल्ली से हरिद्वार का सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा होने की उम्मीद है।
होगा नया रूट
इस लिंक को सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे के नाम से जाना जा रहा है। यह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के करीब 108वें किलोमीटर से जुड़ेगा। आगे गागलहेड़ी और भगवानपुर के पास से गुजरते हुए रुड़की शहर के उत्तर में नया बाईपास बनाएगा। इससे वाहन शहर के अंदर दाखिल हुए बिना आगे निकल सकेंगे। इसके बाद रास्ता इमलीखेड़ा और धनौरी के नजदीक से होते हुए बहादराबाद में हरिद्वार के वेस्ट रिंग रोड से जुड़ेगा। यहां से यात्री हरिद्वार, हर की पैड़ी, ऋषिकेश और चारधाम यात्रा के मार्ग पर आसानी से पहुंच सकेंगे।
देहरादून का सफर होगा तेज
नया लिंक एक्सप्रेसवे दिल्ली-NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन को आसान बनाएगा। इससे दिल्ली से देहरादून पहुंचने में लगने वाला समय भी करीब 6-7 घंटे से घटकर ढाई घंटे तक रहने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम में दिल्ली-हरिद्वार मार्ग को दो महीने में पूरी तरह खोलने की बात कही थी।
एयरपोर्ट से जुड़ने की योजना
इस लिंक एक्सप्रेसवे को आगे हरिद्वार में प्रस्तावित नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना भी है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर राजाजी नेशनल पार्क के हिस्से में करीब 14 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बनाया गया है। इसके नीचे हाथी और दूसरे जंगली जानवरों की आवाजाही हो सकेगी, जबकि ऊपर से वाहन बिना जंगल के रास्ते में बाधा बने गुजर सकेंगे।