1 नवंबर से बदल गया लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने का तरीका, बुजुर्गों को मिलेगी यह सुविधा

नई दिल्ली | पेंशन पाने के लिए हर साल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना बुजुर्गों के लिए कई बार परेशानी बन जाता है। खासकर उन लोगों को दिक्कत होती है जिन्हें बैंक या सरकारी दफ्तर तक पहुंचने में मुश्किल होती है। अब ऐसे पेंशनर्स के लिए घर बैठे यह काम करना और आसान होने जा रहा है। बता दें कि केंद्र सरकार ने 1 नवंबर 2026 से देशभर में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 5.0 (DLC Campaign 5.0) शुरू कर दिया है।

Digital Life Certificate

यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत 2.30 करोड़ डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान देश के 2,000 शहरों और जिलों में चलाया जाएगा।

जमा होगा सर्टिफिकेट

इस बार अभियान में फेस ऑथेंटिकेशन पर खास जोर दिया जा रहा है। पेंशनर्स अपने स्मार्टफोन के कैमरे से चेहरा स्कैन करके डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकेंगे। यह सुविधा Android और iOS दोनों तरह के स्मार्टफोन पर उपलब्ध है। इससे बुजुर्गों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनर्स को हर साल यह प्रमाण देना होता है कि वे जीवित हैं। पहले इसके लिए बैंक या संबंधित कार्यालय में जाकर दस्तावेज जमा करना आम तरीका था। अब जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) सेवा के जरिए बायोमेट्रिक और डिजिटल प्रक्रिया से यह काम किया जा सकता है।

सर्टिफिकेट जारी करने का लक्ष्य

कार्मिक मंत्रालय के अनुसार, पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग का यह पांचवां देशव्यापी अभियान अब तक का सबसे बड़ा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान है। इसे ज्यादा से ज्यादा पेंशनर्स तक पहुंचाने के लिए 2,000 शहरों और जिलों में आयोजित किया जा रहा है। इसका मकसद बुजुर्गों के लिए पेंशन से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.