नई दिल्ली | त्योहारों के दौरान स्कूलों की छुट्टियों का इंतजार बच्चों के साथ अभिभावकों को भी रहता है। नवंबर में छठ पूजा के मौके पर दिल्ली के स्कूली छात्रों को भी छुट्टी मिलने जा रही है। बता दें कि दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने 16 नवंबर 2026 को राजधानी के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक सर्कुलर जारी किया गया। आदेश के मुताबिक, सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे।

शिक्षा निदेशालय की को-ऑर्डिनेशन ब्रांच की ओर से 13 नवंबर को जारी सर्कुलर में छुट्टी की वजह बताई गई है। दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 9 नवंबर 2026 को छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था।
घोषित हुई छुट्टी
इसी अधिसूचना के आधार पर शिक्षा निदेशालय ने अपने अधीन आने वाले सभी स्कूलों और कार्यालयों में छुट्टी का आदेश जारी किया है। इस आदेश का असर केवल स्कूलों तक सीमित नहीं रहेगा। शिक्षा निदेशालय के अधीन आने वाले सभी कार्यालयों में भी 16 नवंबर को अवकाश रहेगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को सर्कुलर भेजकर इसकी जानकारी दे दी है।
अपलोड होगा आदेश
शिक्षा निदेशक की मंजूरी के बाद जारी सर्कुलर की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी गई हैं। जिला और क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा निदेशालय के कंप्यूटर सेल को यह सर्कुलर विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए कहा गया है।