सोनिया गांधी की किताब में हरियाणा के 4 बड़े खुलासे, इंदिरा की गिरफ्तारी से राजीव की जासूसी तक जिक्र

चंडीगढ़ | हरियाणा का इतिहास देश की राजनीति के कई बड़े घटनाक्रमों से जुड़ा रहा है। अब कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा में भी राज्य से जुड़े कुछ ऐसे प्रसंग सामने आए हैं, जिनका संबंध इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी, राजीव गांधी की जासूसी और हरियाणा के गठन से है। बता दें कि सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ में हरियाणा से जुड़े चार प्रमुख संदर्भों का उल्लेख है। किताब के पृष्ठ 233 पर 1977 में इंदिरा गांधी की गिरफ्तारी का घटनाक्रम दर्ज है।

Belonging A Journey of Love

सोनिया के मुताबिक, 3 अक्टूबर 1977 को सीबीआई इंदिरा गांधी को गिरफ्तार करके फरीदाबाद के बड़खल लेक गेस्ट हाउस ले जा रही थी। परिवार के सदस्य भी एक वैन में उनके पीछे चल रहे थे।

हरियाणा की सीमा का किस्सा

रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग के पास वकीलों ने बताया कि अदालत के वारंट के बिना उन्हें दिल्ली से बाहर ले जाना कानूनी रूप से गलत है। इसके बाद इंदिरा गांधी एक पुलिया पर बैठ गईं और आगे जाने से इनकार कर दिया। आखिरकार सीबीआई अधिकारियों को उन्हें वापस दिल्ली लाना पड़ा। अगले दिन अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने पर उन्हें रिहा कर दिया। किताब के पृष्ठ 362 पर सोनिया गांधी ने मार्च 1991 में राजीव गांधी की कथित जासूसी का मामला उठाया है। उन्होंने लिखा है कि हरियाणा सीआईडी के 40 से अधिक अनधिकृत कर्मचारियों का नेटवर्क राजीव गांधी और उनके पार्टी कार्यालय की निगरानी में लगा था।

हरियाणा CID का जिक्र

उस समय हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री थे। 2 मार्च 1991 को 10 जनपथ के बाहर सादे कपड़ों में तैनात हरियाणा सीआईडी के पुलिसकर्मी पकड़े गए थे। विवाद के बाद कांग्रेस ने चंद्रशेखर सरकार से समर्थन वापस ले लिया और 6 मार्च को सरकार गिर गई। हालांकि, जासूसी का आदेश किसने दिया था, यह निर्णायक रूप से साबित नहीं हुआ। सोनिया गांधी ने किताब के पृष्ठ 259-260 पर 1966 में पंजाब के पुनर्गठन का भी जिक्र किया है। तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मंजूरी के बाद 1 नवंबर 1966 को हरियाणा अलग राज्य बना था। पंजाब के पहाड़ी क्षेत्रों को हिमाचल प्रदेश में शामिल किया गया।

कुमारी सैलजा का भी उल्लेख

किताब के पृष्ठ 477 पर सोनिया ने राहुल गांधी की सामाजिक पहल का जिक्र करते हुए अमेठी में शुरू हुए नेत्र अस्पताल के विस्तार की जानकारी दी है। इसकी शाखाएं लखनऊ और हरियाणा तक पहुंचीं। गुरुग्राम के पास सोहना के रायपुर गांव में इंदिरा गांधी नेत्र अस्पताल का उद्घाटन राहुल गांधी ने 8 अगस्त 2014 को किया था। इन ऐतिहासिक प्रसंगों के अलावा सोनिया गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का नाम भी लिया है। उन्होंने सैलजा के साथ राजनीतिक दौरों और व्यक्तिगत विश्वास का उल्लेख किया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.