चंडीगढ़ | दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है, ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ता है। हरियाणा में अब वीटा दूध खरीदने वालों को भी पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। बता दें कि वीटा ने दूध की नई रेट लिस्ट जारी कर दी है। शुक्रवार से नई कीमतें लागू हो गई हैं। इसके तहत एक लीटर फुल क्रीम दूध 4 रुपये महंगा होकर 76 रुपये का हो गया है। वहीं, डबल टोंड दूध की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब इसके लिए 56 रुपये प्रति लीटर देने होंगे।

वीटा ने कुछ दिन पहले दूध के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। इसके बाद नई दरें जारी करने का फैसला लिया गया। दरअसल, सरकार ने पहले फैट के आधार पर दूध की खरीद कीमत बढ़ाई थी, लेकिन बिक्री के रेट पुराने बने हुए थे।
बढ़ी कीमत
ऐसे में प्लांटों को महंगा दूध खरीदकर पुरानी कीमत पर बेचना पड़ रहा था। इसी बीच अमूल, मदर डेयरी और वेरका भी दूध के दाम बढ़ा चुके हैं। अब वीटा की कीमतें बढ़ने से डेयरी और निजी मिल्क बूथों पर भी असर पड़ सकता है। हरियाणा में वीटा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, जींद, सिरसा, हिसार, बल्लभगढ़ और रोहतक में सात मिल्क प्लांट हैं। प्रदेश में इसके 665 से अधिक मिल्क बूथ संचालित हैं। इन प्लांटों में रोजाना करीब 5 लाख लीटर दूध की खरीद होती है, जबकि कुल प्रोसेसिंग क्षमता 10 लाख लीटर प्रतिदिन है।
मई में भी बढ़ाए गए थे दाम
इससे पहले 20 मई को भी वीटा ने दूध की कीमतों में बदलाव किया था। उस समय फुल क्रीम दूध 72 रुपये और टोंड मिल्क 60 रुपये प्रति लीटर किया गया था। वहीं, वीटा बफैलो A2 मिल्क की कीमत 73 रुपये से बढ़ाकर 78 रुपये प्रति लीटर की गई थी।