हिसार | खेती में अच्छी पैदावार के लिए उन्नत बीजों का चुनाव बेहद जरूरी होता है। खासकर मटर की खेती करने वाले किसानों को ऐसी किस्मों की जरूरत रहती है, जो कम समय में तैयार हों और रोगों से भी सुरक्षित रहें। इसी दिशा में हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए मटर की दो उन्नत किस्मों के उत्पादन और बिक्री का रास्ता खोल दिया है।

बता दें कि विश्वविद्यालय ने दाना मटर की किस्मों एचएफपी-1426 और एचएफपी-1709 के उत्पादन और बिक्री के लिए असम की मैजेस्टिक इम्पेक्स कंपनी, गुवाहाटी के साथ समझौता किया है।
तैयार होगी एचएफपी-1426
समझौता ज्ञापन पर कंपनी की ओर से नीरज अग्रवाल और विश्वविद्यालय की तरफ से अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने हस्ताक्षर किए। कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज के मुताबिक, इन उन्नत किस्मों के बीजों से किसानों की उत्पादकता और आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। एचएफपी-1426 किस्म उत्तर-पूर्वी मैदानी क्षेत्र के लिए विकसित की गई है। यह 120 से 122 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इसके पौधों की ऊंचाई करीब 62 सेंटीमीटर रहती है, जिससे फसल गिरने की आशंका कम होती है। यह किस्म रोगों और फलियों के चटकने के प्रति प्रतिरोधी है।
इसकी औसत पैदावार 17 से 18 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जबकि अधिकतम उपज क्षमता 28 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक बताई गई है। विश्वविद्यालय के मानव संसाधन प्रबंधन निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि एचएफपी-1709 ने बीज मांग के मामले में देश में पहला स्थान हासिल किया है।
देशभर में सबसे ज्यादा मांग
रबी 2026-27 के राष्ट्रीय डीएसी-बीएसपी बीज मांग-पत्र में इसकी 133.88 क्विंटल मांग दर्ज की गई है। यह किस्म 112 से 115 दिनों में तैयार होती है। इसके पौधों की ऊंचाई 53 से 63 सेंटीमीटर रहती है। इसकी औसत पैदावार करीब 17 क्विंटल और अधिकतम उपज क्षमता 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक है। यह किस्म भी रोगों और फलियों के चटकने के प्रति प्रतिरोधी है।