नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली से हरियाणा के करनाल तक सफर करने वाले लोगों के लिए नमो भारत कॉरिडोर बनने का रास्ता धीरे-धीरे साफ हो रहा है। इस परियोजना से दिल्ली, सोनीपत, पानीपत और करनाल के बीच तेज आवाजाही की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि दिल्ली के सराय काले खां से करनाल तक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

एनसीआरटीसी ने NH-44 पर 15 से 127 किलोमीटर के हिस्से में कॉरिडोर का निर्माण शुरू करने के लिए मंजूरी और एनओसी मांगी थी। अब परियोजना को आगे बढ़ाने से पहले एनसीआरटीसी को विस्तृत ड्राइंग जमा करानी होगी।
पूरी करनी होंगी ये शर्तें
NHAI ने मंजूरी के साथ कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके तहत कॉरिडोर के पिलर इस तरह बनाए जाएंगे कि भविष्य में हाईवे और सर्विस रोड पर अतिरिक्त लेन बनाने की जगह बनी रहे। प्रस्तावित स्टेशनों और टनल निर्माण के लिए विस्तृत मेथड स्टेटमेंट भी देना होगा। वहीं, निर्माण शुरू होने से पहले मौजूदा ढांचे का प्री-कंडीशन सर्वे और स्ट्रक्चरल हेल्थ मॉनिटरिंग करनी होगी।
बिजली, पानी, गैस, सीवर और दूसरी यूटिलिटी से जुड़ी सुविधाओं का पूरा प्लान भी जमा करना होगा। हाईवे, पुल, नालियों, सर्विस रोड और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने पर उसकी मरम्मत एनसीआरटीसी को अपने खर्च पर करानी होगी।
बनाना होगा प्लान
निर्माण के दौरान NH-44 पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान देना होगा। बैरिकेडिंग, साइनेज, लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था भी करनी होगी। NHAI की अनुमति के बिना पियर फाउंडेशन, सामग्री भंडारण या ट्रैफिक डायवर्जन जैसे काम नहीं किए जा सकेंगे। टोल संचालन भी प्रभावित नहीं होना चाहिए।
कॉरिडोर पर सराय काले खां, इंद्रप्रस्थ, कश्मीरी गेट, नरेला, कुंडली, बहालगढ़, मुरथल, गन्नौर, समालखा, पानीपत, घरौंडा और करनाल समेत कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें पानीपत ISBT, पानीपत सेक्टर-18 और करनाल न्यू ISBT जैसे स्टेशन भी शामिल हैं।