कुरुक्षेत्र में 5 दिसंबर से गीता जयंती महोत्सव, मॉरीशस के राष्ट्रपति करेंगे शुभारंभ; हरियाणा का सांग बनेगा आकर्षण

कुरुक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हर साल होने वाला गीता जयंती महोत्सव इस बार भी देश-विदेश के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। इस दौरान यहां धार्मिक आयोजनों के साथ भारतीय संस्कृति, लोककला और आध्यात्मिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव 2026 का आयोजन 5 दिसंबर से 25 दिसंबर तक किया जाएगा।

Gita Jayanti Mahotsav

इसके मुख्य कार्यक्रम 14 से 20 दिसंबर तक होंगे। कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के अनुसार, महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए मॉरीशस के राष्ट्रपति विशेष रूप से कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे।

पार्टनर राज्य होगा पश्चिम बंगाल

इस बार पश्चिम बंगाल को महोत्सव का पार्टनर राज्य बनाया गया है। ऐसे में यहां बंगाल की लोकसंस्कृति, संगीत, कला और पारंपरिक विरासत की विशेष प्रस्तुतियां होंगी। इसके माध्यम से हरियाणा और पश्चिम बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी। इस बार आयोजन केवल ब्रह्मसरोवर तक सीमित नहीं रहेगा। ऐतिहासिक स्थल ज्योतिसर में भी विशेष सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित की जाएंगी।

मान्यता के अनुसार, इसी स्थान पर भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। ऐसे में यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव भी मिलेगा।

हरियाणा की लोककला

महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण सांग उत्सव रहेगा। इसके लिए प्रदेश के प्रसिद्ध सांगियों और कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा। वे संगीत, संवाद और अभिनय के जरिए सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों को प्रस्तुत करेंगे। बता दें कि महोत्सव में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ब्रह्मसरोवर और ज्योतिसर सहित प्रमुख स्थलों पर सफाई, पेयजल, यातायात और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.