दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन पर सब्सिडी लेने का बदला नियम, चाहिए लाभ तो करना होगा यह काम

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक जरूरी बदलाव किया गया है। अब नई गाड़ी खरीदने या पुराने वाहन को स्क्रैप कराने पर सरकारी प्रोत्साहन राशि पाने के लिए पहचान का सत्यापन कराना होगा। बता दें कि दिल्ली सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन नीति 2026 के तहत सब्सिडी और स्क्रैप प्रोत्साहन राशि के भुगतान के लिए आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य कर दिया है। परिवहन विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।

Delhi EV Policy 2026

नई व्यवस्था के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहन प्रोत्साहन पोर्टल पर आवेदन करते समय आवेदक को अपना आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। OTP दर्ज करने के बाद ही पहचान का सत्यापन पूरा होगा।

होगा आधार वेरिफिकेशन

इस कदम से फर्जी आवेदन और एक ही व्यक्ति द्वारा बार-बार योजना का लाभ लेने की कोशिशों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही, सही लाभार्थियों तक सरकारी राशि पहुंचाना आसान होगा। जिन लोगों के पास अभी आधार कार्ड नहीं है, उन्हें योजना से बाहर नहीं किया जाएगा। ऐसे आवेदकों को पहले आधार के लिए नामांकन कराना होगा। आधार बनने तक नामांकन पर्ची के साथ फोटो वाली बैंक या डाकघर की पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट अथवा वोटर आईडी में से कोई एक दस्तावेज पहचान के प्रमाण के तौर पर देना होगा।

QR कोड से होगा सत्यापन

कई बार तकनीकी परेशानी के कारण मोबाइल पर OTP नहीं पहुंच पाता। ऐसी स्थिति के लिए भी परिवहन विभाग ने विकल्प रखा है। आवेदक आधार के भौतिक पत्र पर छपे QR कोड के जरिए अपनी पहचान सत्यापित करा सकेंगे। वहीं, जिन इलाकों में आधार नामांकन केंद्र उपलब्ध नहीं हैं, वहां परिवहन विभाग अपने जिला कार्यालयों के माध्यम से नामांकन की सुविधा देगा।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.