नई दिल्ली | ट्रेन से सफर करते समय भारी सामान संभालना या स्टेशन पर व्हीलचेयर तलाशना कई यात्रियों के लिए परेशानी बन जाता है। खासकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को इस दौरान काफी दिक्कत होती है। अब रेलवे ऐसी परेशानी कम करने के लिए यात्रियों को घर बैठे कुली और व्हीलचेयर बुक करने की सुविधा देने जा रहा है। बता दें कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत 16 नवंबर से अजमेर रेल मंडल में होगी।

यात्री मोबाइल एप और अधिकृत वेबसाइट के जरिए यात्रा से पहले ही इन सेवाओं की बुकिंग कर सकेंगे। कुली सेवा को यात्री के ट्रेन टिकट के पीएनआर नंबर से जोड़ा जाएगा, जिससे कुली को ट्रेन के आने-जाने का समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी मिल सकेगी।
ऐसे बुक करें व्हीलचेयर
- वेबसाइट पर जाकर मोर या सर्विस विकल्प खोलें।
- एट स्टेशन के तहत ई-व्हीलचेयर चुनें।
- अपना 10 अंकों का पीएनआर नंबर दर्ज करें।
- बोर्डिंग या गंतव्य स्टेशन का चयन करें।
- बुकिंग पूरी होने पर मोबाइल या ईमेल पर पुष्टि मिलेगी।
पहले से कर सकेंगे बुक
व्हीलचेयर के साथ कुली सेवा की बुकिंग भी अधिकृत एप के माध्यम से की जा सकेगी। पीएनआर से जुड़ी जानकारी के आधार पर कुली को यात्री की ट्रेन और प्लेटफॉर्म का पता चल सकेगा। इससे स्टेशन पहुंचने पर यात्री को मदद मिलने में आसानी होगी। फिलहाल, यह व्यवस्था अजमेर रेल मंडल में लागू की जा रही है। यहां इसके सफल रहने पर रेलवे देश के दूसरे प्रमुख और व्यस्त स्टेशनों पर भी इसे शुरू कर सकता है। इससे यात्रियों को स्टेशन पर पहुंचने के बाद कुली या व्हीलचेयर के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।