गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में रोजाना सफर करने वाले लोगों को जल्द ही सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिलने वाली है। शहर में मेट्रो और रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए अब सिटी बसों का विकल्प भी मजबूत होगा। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। बता दें कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) के बेड़े में 71 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गई हैं।

इनमें से 35 बसों का 9 रूटों पर यात्रियों के साथ ट्रायल शुरू हो चुका है, जबकि बाकी 36 बसों के पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल, सभी बसें सेक्टर-10 स्थित डिपो से संचालित हो रही हैं।
पटौदी से द्वारका
इनके जरिए गुरुग्राम बस स्टैंड से हेलीमंडी होते हुए पटौदी रेलवे स्टेशन, ढाणा मोड़, गुरुग्राम विश्वविद्यालय और आईएमटी चौक से द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन तक कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा, सेक्टर-99ए से गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन और केंद्रीय विहार, सेक्टर-37 से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, भोंडसी से महावीर चौक और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन से ढाणा मोड़ तक बसें चलेंगी।
जानें किराया
| दूरी | किराया |
|---|---|
| 6 किलोमीटर तक | 15 रुपये |
| 6 से 13 किलोमीटर तक | 25 रुपये |
| 13 किलोमीटर से अधिक | 35 रुपये |
CNG बसों के साथ बढ़ेगा बेड़ा
जीएमसीबीएल के सीईओ विश्वजीत चौधरी के अनुसार, नई बसों से मौजूदा रूटों पर सुविधा बेहतर होगी और नए रूट शुरू करने में भी मदद मिलेगी। फिलहाल शहर में 150 सीएनजी बसें संचालित हैं। इलेक्ट्रिक बसों के नियमित संचालन से पटौदी, हेलीमंडी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।